scriptहथियारबंद नकाबपोशों का कोहराम | Chaos of armed masked men | Patrika News

हथियारबंद नकाबपोशों का कोहराम

locationराजसमंदPublished: Dec 26, 2015 11:25:00 pm

कस्बे के जवाहर नगर में शनिवार को पौ फटते ही एक वारदात से कोहराम मच गया। हथियारबंद चोरों ने मार्बल

rajsamand

rajsamand

आमेट।कस्बे के जवाहर नगर में शनिवार को पौ फटते ही एक वारदात से कोहराम मच गया। हथियारबंद चोरों ने मार्बल कारोबारी के घर में घुसकर गृहमालिक, उसकी पत्नी और भाभी को घायल करने के बाद लाखों रुपए के गहने और नकदी लूट ली। उद्यमी का घर थाने से कुछ ही दूरी पर है। वारदात से पुलिस महकमे और नगर में सनसनी फैल गई। देर शाम तक लुटेरों का कोईसुराग नहीं मिल पाया।

जानकारी के मुताबिक मार्बल व्यवसायी भंवरलाल तातेड़ (6 5) का आमेट में मार्बल तथा मुुम्बई में भी सोना-चांदी का करोबार है। वह पिछले 2 माह से यहां रहा रहे थे। शनिवार सुबह 7 बजे वह उठकर बाहर से दूध लेकर आए। इस दौरान मुख्य द्वार खुला हुआ था। ठीक 7.40 बजे 4 नकाबपोश और हथियारों से लैस लोग मकान के मुख्य द्वार से आए और अन्दर घुसकर किवाड़ बंद कर दिया।

बंधक बनाया, फिर खुलवाए जेवर

मार्बल व्यवसायी के हाथ, पैर एवं मुंह बांध दिया तथा पत्नी को एवं भाभी को रिवॉल्वर बता तिजोरी की चाबी मांगी। महिला ने डर के मारे तिजोरी के चाबी दे दी। महिला उनकी पत्नी प्रेमलता और भाभी पानी बाई के साथ ही मार्बल व्यवसायी से मंगलसूत्र, चूडिय़ां, सोने की चेन व अंगूठी खुलवा ली। घर के सदस्यों को रिवॉल्वर दिखाकर डराया गया। चाकू के वार से भंवरलाल के हाथों की दो अंगुलियां बुरी तरह जख्मी हो गईऔर फर्श पर खून बिखर गया।

किराएदारों को बाथरूम में बंद किया

यहां रह रहे किराएदार की दोनों लड़कियां गेट से अन्दर आईं, तो उन्हें भी डरा-धमका कर बाथरूम में बंद कर दिया। चाबी से तिजोरी खोलकर चोर माल लेकर भाग गए। उसके बाद किराएदार की लड़की के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोला, जहां से घायल दंपती को लेकर स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद राजसमंद रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर थाना अधिकारी सावंत सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। चोरों को पकडऩे के लिए नाकाबंदी कराई। शाम को पहुंचे डॉग स्क्वॉयड ने भी सुराग तलाशने की कोशिश की।

पीडि़त परिवार से मिले विधायक

चोरी के घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़ भी चिकित्सालय पहुंचे। मार्बल व्यवसायी से मिले व घटना की जानकारी लेकर पुलिस प्रशासन को चोरों को पकडऩे के निर्देश दिए। इधर, राजसमंद में उपचाररत् मार्बल व्यवसायी की ओर से पुलिस में शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है। इस कारण चोरी गए माल की जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल

नगर में एक धार्मिक स्थल पर दो दिन पूर्व एक मन्दिर में हुई तोडफ़ोड़ की घटना के बाद से नगर में शांति व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता लगा हुआ था। इसके बावजूद लूट की इतनी बड़ी घटना होने से पुलिस प्रशासन भी सकते में है। जिस जगह वारदात हुई, वह थाने से करीब तीन सौफीट दूरी पर है।

सीसीटीवी फुटेज में थी गड़बड़!

इधर, घटना की जानकारी के बाद पुलिस उप अधीक्षक चन्दन सिंह भी घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। नगर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की भी मदद ली जा रही है। हालांकि सूत्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तकनीकी गड़बड़ी के चलते घटनाक्रम प्रदर्शित नहीं हो रहा है। जयपुर भेजकर डाटा रिकवर करवाया जाएगा। मार्बल व्यवसायी के पुत्र और परिवार के अन्य लोग घटना की जानकारी के बाद आमेट पहुंचे।

आठ साल पहले यहीं मारा था चौकीदार

मार्बल कारोबारी की चौराहे पर स्थित फैक्ट्री शांतिनाथ मार्बल पर गुरुवार रात को चोरों ने चार कमरों के ताले तोड़े थे। हालांकि वहां से कोईखास चीज हाथ नहीं लगी। उसकी रिपोर्ट पुलिस में नहीं दी गई थी। यही नहीं, लगभग 7-8 वर्ष पूर्व चोरों ने रात्रि को मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए चौकीदार भगाराम की हत्या कर दी थी और लाखों का माल ले गए थे। उस वारदात का भी आज तक खुलासा नहीं हो सका है।

हाल ही में हुई बड़ी वारदातें

 हाइवे पर मोरचणा के पास खाद्यान्न व्यापारी से लूट।
 भीलवाड़ा रोड पर तीन चोरी व लूट।
 भीम ज्वैलर्स की दुकान से सवा लाख की चोरी।
 आमेट में सेल्समैन से लूट।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो