वहीं राजसमंद शहर सहित आस-पास के क्षेत्रों में शनिवार को करीब 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। हालांकि इसके बाद धूप खिल गई, लेकिन देरशाम फिर से बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। शहर सहित आस-पास के क्षेत्रों में सुबह तेज धूप खिली। दोपहर 12 बजे बाद एकाएक बादल छाने लगे और बादलों की लुकाछिपी का दौर शुरू हुआ। दोपहर 3.30 बजे करीब बारिश का दौर शुरू हुआ जो 3.45 बजे तक चलता रहा। इसके पश्चात तेज धूप खिली। उमस का असर होने के कारण घरों में बैठना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग के जानकारों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में भी बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है।
दूसरे दिन भी जारी रहा बारिश का दौर
कुंवारिया कस्बे में शनिवार की लगातार दूसरे दिन दोपहर के बाद में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ। वहीं, शाम 5 बजे तेज मेघ गर्जना के साथ कुछ समय के लिए फिर से रिमझिम बारिश हुई। बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा। बारिश से लोगों को सुबह से बने गर्मी और उमस के मौसम से काफी राहत का अहसास हुआ। नाथद्वारा शहर में शनिवार को दूसरे दिन भी दोपहर के समय गर्मी एवं उमस के असर के बीच बारिश का दौर भी चला। इसके बाद यह दौर देर शाम तक भी चलता रहा। अपरांह के समय कुछ देर बारिश रुकी। इससे पूर्व दिनभर शहर में उमस एवं गर्मी का असर बना रहा। शाम के बाद भी बारिश के बावजूद गर्मी से विशेष राहत नहीं मिल पाई।