राज्य सरकार ने प्रदेश में लोगों को षौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने के लिए 20 अगस्त, 2020 को इन्दिरा रसोई योजना प्रारंभ की। इसमें प्रति व्यक्ति को आठ रुपए में दो सब्जी, रोटी और अचार उपलब्ध कराया जाता है। रसोई संचालक को सरकार की ओर से वर्तमान में 17 रुपए प्रति थाली अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके तहत शहर में कांकरोली सब्जी मंडी, राजनगर बस स्टैण्ड और आर.के. राजकीय चिकित्सालय परिसर में इन्दिरा रसोई संचालित की जा रही है। तीनों स्थानों पर गर्म खाना उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन सिर्फ राजनगर बस स्टैण्ड पर संचालित रसोई में प्रतिदिन दोनों समय में 150 से अधिक लोग भोजन कर रहे हैं। इसके अलावा दोनों स्थानों पर क्षमता के मात्र 40 से 42 प्रतिशत लोग भोजन कर रहे हैं। इसके कारण अधिकांश समय इन्दिरा रसोई में सन्नाटा पसरा रहता है। राजस्थान पत्रिका की टीम ने तीनों इन्दिरा रसोई के जाने हालात।
केस 1 दोपहर 11.15 बजे :
शहर के कांकरोली सब्जी मंडी परिसर में संचालित इन्दिरा रसोई में दाल और पत्तागोभी की सब्जी बनी थी। यहां पर एक व्यक्ति भोजन कर रहा था। भोजन करने वाले व्यक्ति ने खाने पर संतुष्ठि व्यक्त की। इसके अलावा पूरा परिसर खाली पड़ा था।
केस 2 दोपहर 11.30 बजे :
शहर के आर.के.राजकीय चिकित्सालय परिसर स्थित इन्दिरा रसोई पूरी तरह से खाली थी। यहां पर थैलियों में दाल पैक कर रखी थी। संचालक ने बताया कि परिजन हॉस्पिटल में लेकर जाते हैं। यहां पर मरीजों के लिए चावल शुरू होने पर इसकी संख्या बढ़ सकती है।
केस 3 दोपहर 12.10 बजे :
राजनगर रोडवेज बस स्टैण्ड स्थित इन्दिरा रसोई में भोजन करने के लिए टोकन कटवाने के लिए लाइन लगी थी। चार लोग बैठकर भोजन कर रहे थे। उन्होंने सब्जी में पानी अधिक और तेल-मसाले कम होने की बात कही। कुछ लोग खाना पैक कराने के लिए भी खड़े थे।
फैक्ट फाइल
(लंच-डीनर में प्रति रसोई 300 लोगों को खाना खिलाने की क्षमता)
स्थान कांकरोली राजनगर हॉस्पिटल
एक जुलाई 120 186 151
2 को 142 162 142
3 को 124 178 124
4 को 120 185 130
5 को 132 166 141
6 को 135 161 143
7 को 135 207 134
8 को 123 157 110
9 को 126 156 114
10 को 128 150 141
कुल 1285 1708 1330
यहां इन्दिरा रसोई खोलने की तैयारी
● फव्वारा चौक राजनगर
● मुखर्जी चौराहा के निकट
● कमला नेहरू चिकित्सालय
● रंगलाल कोठारी कॉलेज के पास
● धोईंदा बस स्टैण्ड परिसर
● रीको इंडस्ट्रीयल एरिया
इन्दिरा रसोई का मुख्य उद्धेश्य आमजन को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। वर्तमान में संचालित इन्दिरा रसोई में काफी लोग भोजन कर रहे हैं। शहर में छह स्थानों पर जल्द इन्दिरा रसोई खोली जाएगी। इसका अधिकाधिक लोगों को इसका फायदा मिले इसके लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जर्नादन शर्मा, आयुक्त नगर परिषद राजमसंद