script100 रोडवेज बसें सीमा पर तैयार, प्रवासी राजस्थानियों का हो रहा है इंतजार | Migrant Rajasthani in Lockdown Preparing To Bring Back | Patrika News
राजसमंद

100 रोडवेज बसें सीमा पर तैयार, प्रवासी राजस्थानियों का हो रहा है इंतजार

लॉकडाउन ( Lockdown ) के चलते अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी राजस्थानियों के आने की संभावना के चलते गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर सीमा पर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रवासियों को उनके गृह क्षेत्र तक पहुंचाने को विभिन्न जिलों से 100 रोडवेज बसें मय चालकों के साथ सुबह सात बजे से खड़ी कर दी गई हैं।

राजसमंदApr 27, 2020 / 06:45 pm

abdul bari

Migrant Rajasthani in Lockdown Preparing To Bring Back

Migrant Rajasthani in Lockdown Preparing To Bring Back

राजसमंद/डूंगरपुर.
लॉकडाउन ( Lockdown ) के चलते अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी राजस्थानियों के आने की संभावना के चलते गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर सीमा पर व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रवासियों को उनके गृह क्षेत्र तक पहुंचाने को विभिन्न जिलों से 100 रोडवेज बसें मय चालकों के साथ सुबह सात बजे से खड़ी कर दी गई हैं। इसी बीच राजसमंद डिपो की 15 बसें भी जिले के प्रवासी लोगों को लेने शाम चार बजे पहुंच गई।
हालांकि सोमवार देर शाम तक प्रवासियों को लेकर एक भी वाहन रतनपुर नहीं पहुंचा था, लेकिन अनुमति लेकर कुछ निजी वाहन जरूर पहुंच गए। सीमा पर उनकी जानकारी व स्क्रीनिंग करने के बाद होम क्वारेंटाइन की मुहर लगाकर गंतव्य की ओर से रवाना किया जा रहा था। वहां बताया गया कि सोमवार देर रात या मंगलवार सुबह तक 22 से ज्यादा बसें प्रवासी श्रमिकों सहित अन्य राजस्थानियों को लेकर यहां पहुंचने की संभावना है। इस संबंध में जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल ने बताया कि गुजरात व अन्य राज्यों से आने वाले ये सभी लोग वहां पहले से क्वारेंटाइन में रखे गए हैं और उन्हें लेने के लिए राजसमंद डिपो की बसें वहां गई हैं। इन सभी को यहां लाकर 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन सेन्टरों पर रखा जाएगा। इसके बाद ही उन्हें घर भेजा जाएगा।

शाम तक आए 267 लोग

शाम पांच बजे तक निजी वाहनों से कुल 267 लोग रतनपुर सीमा पर पहुंचे। यह सभी अन्य जिलों के हैं तथा अनुमति लेकर आए थे। उनकी बॉर्डर पर स्क्रीनिंग कराकर हाथों पर मुहर लगाकर रवाना किया है। निर्धारित प्रपत्र में उनका संपूर्ण विवरण भी अंकित कर लिया है।

क्वारेंटाइन सेंटर्स से आएंगे लोग

अन्य राज्यों के क्वारेंटाइन सेंटर्स में रह रहे अप्रवासी राजस्थानियों को प्रथम चरण में लाया जाएगा। प्रारंभिक सूचना के अनुसार रतनपुर बॉर्डर पर 22 बसों में लोग रात तक या कल सुबह तक आएंगे। उन्हें संबंधित जिलों में भिजवाया जाएगा। उधर, रतनपुर सीमा पर रोडवेज की राजसमंद डिपो की 15 बसों सहित करीब 100 बसें लगाई गई हैं। रोडवेज के जनरल मैनेजर नवीन तिवारी ने बताया कि यात्रियों के आते ही आवश्यक कार्यवाही के बाद उन्हें उदयपुर संभाग की बसों में बिठाकर विभिन्न जिलों में भेजा जाएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो