राजसमंद

महाराष्ट्र, गुजरात में आए तूफान का राजसमंद में दिखा असर

अधिकतम तापमान में आई गिरावट, बारिश के बाद बढ़ी उमस

राजसमंदJun 04, 2020 / 06:30 pm

Aswani

महाराष्ट्र, गुजरात में आए तूफान का राजसमंद में दिखा असर

राजसमंद. महाराष्ट्र, गुजरात में कहर बने चक्रवाती तूफान निसर्ग का असर गुरुवार को राजसमंद में भी दिखा। यहां सुबह से बादल छाए रहे तथा दोपहर को करीब डेढ़ घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। बारिश से सडक़ों पर पानी बहा, वहीं नाली में कचरा जाने से वे जाम हो गईं और सडक़ों पर आधा-आधा फीट पानी भर गया। इधर तेज हवा के साथ आई बारिश ने तापमान को करीब २ डिग्री गिरा दिया। जिससे दोपहर के समय गर्मी से राहत रही, लेकिन बारिश के बाद खिली धूप से उमस बढ़ गई, जिससे लोग पसीने से तरबतर नजर आए।
बुधवार को महाराष्ट्र, गुजरात में आए चक्रवाती तूफान का असर जिले में गुरुवार सुबह से ही दिखाई पड़ा। सुबह से ही यहां काले बादल घिरे रहे जिससे सूरज नहीं दिखा। दोपहर होते होते बादल और गहराते गए। करीब एक बजे बड़ी-बड़ी बूंदों व हवा के साथ बारिश शुरू हुई जो ढाई बजे तक कभी मध्यम तो कभी धीमी गति से बारिश होती रही। ढाई बजे बाद बारिश का दौर थम गया और कुछ ही देर में आसमान साफ हो गया। इसके बाद खिली धूप से उमस बढ़ गई।

रोड पर गड्ढा गाड़ी फंसी
राजनगर कबूतरखाना रोड पर गड्ढा होने से राहगीरों को खासी मुश्किलें होती है। गुरुवार को भी हुई बारिश के दौरान यहां मारुति कार और स्कूटी वाले फंस गए, जिससे बड़ा हादसा होते होते बचा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कईबार जिम्मेदार लोगों से इसकी शिकायत की गई लेकिन आजतक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Home / Rajsamand / महाराष्ट्र, गुजरात में आए तूफान का राजसमंद में दिखा असर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.