scriptपैंथरों पर शिकारियों की गिद्ध नजर | painthar news Rajsamand | Patrika News

पैंथरों पर शिकारियों की गिद्ध नजर

locationराजसमंदPublished: Jan 20, 2020 07:24:22 pm

Submitted by:

Aswani

-फंदा लगाकर कर रहे शिकार-लगातार शिकारियों की सक्रियता आ रही सामने

पैंथरों पर शिकारियों की गिद्ध नजर

पैंथरों पर शिकारियों की गिद्ध नजर

अश्वनी प्रतापसिंह@ राजसमंद . जिले में लगातार शिकारी फंदे में वन्यजीवों के फंसने की घटनाएं सामने आ रही है, जो यह दर्शाती हैं कि जैसे-जैसे यहां वन्यजीवों की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे शिकारी भी सक्रिय हो रहे हैं। यह कहना तो मुश्किल है कि अबतक यहां कितने वन्यजीवों के शिकार हुए लेकिन बार-बार शिकारी फंदे में वन्यजीवों का फंसना यह साबित करता है कि यहां शिकार की घटनाएं तो हो रही हैं। लेकिन शिकारी वनविभाग की पकड़ से दूर हैं।
केस-1
17 दिसम्बर २०२० को केलवा क्षेत्र के केरिंगजी का खेड़ा पड़ासली में एक मंदिर के पास शिकारी द्वारा लगाए गए फंदे में एक वयस्क पैंथर का पंजा फंस गयाा। जिसे उदयपुर से आए शूटर ने ट्रंकुलाइज कर फंदे से आजाद करवाया। गनीमत रही की शिकारी से पहले मौके पर वनविभाग की टीम पहुंच गई, जिससे पैंथर को सुरक्षित बचाया जा सका।
केस- 2
कुंभलगढ़ क्षेत्र में इसी वर्ष एक भालू के शिकारी फंदे में फंसने की सूचना मिली थी। हालांकि बाद में वनविभाग की टीम ने रेस्क्यूकर भालू को बचा लिया था। वहीं नाथद्वारा क्षेत्र के बागोल में भी एक बार शिकारी फंदे में पैंथर फंसा था।
केस- 3
२५ दिसम्बर २०१८ को आमेट क्षेत्र के नर्बदा तालाब के पास शिकारी फंदे में फंसने से एक पैंथर की मौत हो गई। उसका शव क्षेत्र के टीकर के तालाब के पास मिला है। हालांकि पैंथर के नाखून और अन्य अंग सुरक्षित मिल गए थे। इससे यह भी हो सकता है कि शिकारी से पहले ग्रामीणों को इसकी जानकारी हो गई हो।

जिले के प्रमुख वन्यजीव
कुंभलगढ़ और रावलीटाडगढ़ में एक दर्जन से अधिक प्रजाति के मांसाहारी तथा दो दर्जन से अधिक प्रजाति के शाकाहारी वन्यजीव हैं। जिसमें पैंथर, सियार, जरख, लोमड़ी, भेडिय़ा, बिल्ली, भालू, बिज्जू, नेवला साधारण, नेवला (कालीपूंछ), भारतीय लोमड़ी आदि मुख्य रूप से वन्यजीव गणना में दिखाई देते हैं। वहीं शाकाहारी में साम्भर, चिंकारा, चौसिंगा (भेडल), रोजड़ा, जंगली सूअर, सेही, लंगूर, खरगोश, चीतल सहित दो दर्जन से अधिक शाकाहारी वन्यजीव नजर आते हैं।

आबादी क्षेत्रों के बाहर ज्यादा दिख रहे शिकारी!
जंगल में वन्यजीवों की फूडचेन गड़बड़ है, या यों माने के जंगल के मुकाबले वन्यजीवों को आबादी किनारे ज्यादा सुलभता से शिकार मिल रहा है, जिसके चलते पैंथरों का कुनबा ज्यादातर यहां बंद पड़ी माइंसों में रह रहे हैं। ऐसे में शिकारी भी जो फंदे लगा रहे हैं वह ज्यादातर आबादी क्षेत्रों के आस-पास ही मिले हैं। और इसमें सबसे ज्यादा पैंथर ही फंस रहे हैं।

जांच कर रहे हैं…
हां जिस फंदे में गत दिनों पैंथर फंसा था वह शिकारी फंदा था। हालांकि गांव वाले कहते हैं कि ये फंदे रोजड़ों के लिए लगाए गए होंगे, लेकिन फिरभी हम शिकार की संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं।
विनोद राय, एसीएफ, राजसमंद

ट्रेंडिंग वीडियो