पत्नी के पीहर में रहने से खफा दामाद ने ही की थी सास की हत्या
राजसमंदPublished: Dec 04, 2022 10:34:21 pm
आमेट में वृद्धा के कत्ल के बाद भागे आरोपी को अहमदाबाद से पुलिस ने किया गिरफ्तार
आमेट. नगर के नाइयों का पावटिया में गत बुधवार तड़के एक वृद्धा की हत्या के मामले का 72 घंटे में खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका के दामाद को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपी अपनी पत्नी को सास द्वारा उसके साथ ही रखने से नाराज था। वह अहमदाबाद से आया और हत्या को अंजाम देकर फिर वहीं चला गया। थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी पिन्टू कनोजा पुत्र सुरेश भाई धोबी, निवासी इन्दिरा नगर, थाना असलाली (अहमदाबाद) को शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
हत्या के कारणों का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतका की छोटी पुत्री रेखा से करीब 3 साल पहले उसकी शादी हुई थी, लेकिन रेखा उसके साथ पारिवारिक जीवन नहीं व्यतीत कर रही थी। रेखा को उसकी मां चांदी बाई अपने साथ पीहर में ही रखती थी। इस कारण आरोपी पिन्टू कनोजा अपनी सास चांदी बाई से नाखुश था। वह किसी तरह पत्नी को फिर से हासिल करना चाहता था।