जब राजस्थान कांग्रेस के इस दिग्गज नेता को उनके ही सिपहसालार ने दे दी थी एक वोट से मात
राजसमंदPublished: Oct 15, 2023 11:59:44 am
Rajasthan election 2023 : वर्ष 2018 में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पार्टी को सत्ता में लाकर खुद हो गए थे दौड़ से बाहर
Rajasthan election 2023 : जितेन्द्र पालीवाल@राजसमंद. बात दिसम्बर, 2008 की है। 4 तारीख को ईवीएम में बंद मतों की चार दिन बाद हुई गणना में नाथद्वारा विधानसभा सीट पर ऐसा नतीजा सामने आया कि उसने राजस्थान और देशभर के लोगों को चौंका दिया था। तब 59 साल के दिग्गज कांग्रेसी नेता सीपी जोशी को उनके ही सिपहसालार रहे कल्याण सिंह चौहान (48) ने भाजपा से टिकट हासिल कर सिर्फ एक मत के अंतर से मात दे दी।
सीपी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भी थे, जिन्हें मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा था, लेकिन उनकी रेस हार के साथ ही खत्म हो गई। कल्याण सिंह को 62216 वोट और सीपी को 62215 वोट मिले। जोशी की पत्नी ने उस चुनाव में मतदान नहीं किया था। अगर ऐसा होता तो शायद चुनावी नतीजों की तस्वीर कुछ और होती। 2008 के उस चुनाव परिणाम की देशभर में मतदान जागरूकता अभियानों में मिसाल भी देकर लोकतंत्र में एक-एक मत की कीमत समझाई जाती है।