राजसमंद

जंगल में बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूटे

दोपहर में लोगों को मिली खबर तो जुटी भीड़ : बकरियां चराने गई थीं, अकेली देख बदमाशों ने दी वारदात अंजाम

राजसमंदJun 12, 2021 / 11:18 am

jitendra paliwal

जंगल में बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूटे,जंगल में बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूटे

राजसमंद. राजनगर थाना क्षेत्र में दोवड़ ग्राम पंचायत की नोरा की भागल के पास दोली मगरी के बीड़े में शुक्रवार दोपहर एक बुजुर्ग महिला की लाश मिली। पुलिस को आशंका है कि लूट के इरादे से उसकी हत्या कर दी गई। महिला के गहने भी गायब थे। पैरों का कुछ हिस्सा भी कटा हुआ मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि नाहर सिंह की 70 वर्षीय पत्नी सुबह जंगल की ओर बकरियां चराने गई थी। वह दोपहर तक नहीं लौटी। करीब दो बजे कुछ लोग भैंसें चराने गए तो उन्होंने महिला की लाश पड़ी देखी। उन्होंने गांव में सूचना दी। वहां से पुलिस थाने पर इत्तला देने पर राजनगर थाने से जाब्ता पहुंचा। मौके पर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी भी पहुंचे।
लूट लिए गहने, कड़े बच गए

आशंका है कि लुटेरों ने सुनसान जगह पर बुजुर्ग महिला को अकेला देखकर घटना को अंजाम दिया। महिला के कान, नाक से गहने निकाल लिए। पैरों को काटकर कड़े निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। दोपहर में कुछ लोगों ने लाश देखकर ग्रामीणों को सूचित किया। इस दौरान महिला के परिवार के लोग दूसरी जगह कोई कार्यक्रम होने से गए हुए थे। उन्हें पता चला तो उल्टे पांच दौड़े। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सरपंच जसवंत सिंह, भैरू सिंह, अमर सिंह, राम सिंह सहित ग्रामीण मौके पर मौजूद थे।
घटना पर पुलिस मौन, लोगों में डर और गुस्सा
मामले की गम्भीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉयड बुलाया गया। आला पुलिस अधिकारियों की घंटों की मौजूदगी के बावजूद देर शाम तक पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस अधिकारी मामले को लेकर मौन साधे हुए हैं, वहीं लोगों में इस वारदात को लेकर गुस्सा और डर है। ग्रामीणों ने बताया कि महिला पर हमला कर नथ और कानों से ताबड़तोड़ गहने निकालने, पैर काटने के प्रयास और हत्या की बात सुनकर पूरे इलाके में लोग सहम गए हैं। घटनास्थल फरार-दोवड़ मुख्य सड़क से पौन किमी अंदर की तरफ है। लोगों ने बताया कि अब मक्का की बुवाई का समय आ गया है। इस इलाके में इस प्रकार की यह पहली घटना है, जिसे लेकर लोग खेती के लिए आने-जाने पर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो साल पहले तक पुलिस की गाड़ी गश्त करने आया करती थी, लेकिन उसके बाद बंद हो गई। इसे लेकर लोगों में पुलिस के प्रति रोष है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.