Wall Painting : इंदौर की तर्ज पर निखर रही शहर में सार्वजनिक क्षेत्र की दीवारें
- पार्क, कार्यालयों, मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों की चारदीवारी पर पेटिंग बनाने का काम जारी
राजसमंद
Published: February 24, 2022 11:19:30 am
राजसमंद. नगर परिषद की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र की दीवारों पर इंदौर की तर्ज पर आकर्षक पेंटिंग्स बनवाई जा रही है। आकर्षक पेटिंग्स से सौन्दर्यीकरण भी होगा।
नगर परिषद सभापति अशोक टांक ने बताया कि प्रभु श्री द्वारकाधीश की नगरी का सौंदर्य बढ़ाने के लिए पेंटिंग्स बनाने का कार्य इंदौर शहर से प्रेरित होकर हाथ में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके तहत शहर के प्रमुख क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर स्थित पार्क, सरकारी विद्यालय, सरकारी कार्यालय, नगर पालिका से संबंधित भवनों, मंदिरों, चौराहों, तिराहों एवं शहर के प्रमुख रास्तों पर स्थित दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए पेंटिंग्स बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह कार्य शहर के सनवाड़, राजनगर, धोइंदा, कांकरोली, जावद सहित अन्य सभी स्थानों पर किया जाएगा। इसमें राजमार्ग पर स्थित एलिवेटेड रोड के नीचे के क्षेत्रों में भी विभिन्न तरह की पेंटिंग्स के माध्यम से उन्हें आकर्षक बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि शहर की दीवारों को आकर्षक बनाने के लिए 20 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। इसमें चार फेज में 5-5 लाख रुपए की लागत से काम होगा।
मंदिर परिक्रमा में बनेगी कृष्ण लीला की पेंटिंग्स
सभापति टांक ने बताया कि शहर की पहचान प्रभु श्री द्वारकाधीश के मंदिर से है। ऐसे में प्रभु श्री के मंदिर के परिक्रमा क्षेत्र की दीवारों पर भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं से संबंंधित पेंटिंग्स बनवाई जाएगी। इसके साथ ही गीता एवं प्रभु श्रीकृष्ण के संदेश भी लिखे जाएंगे। इसी तरह गुप्तेश्वर महादेव, रामेश्वर महादेव आदि प्रमुख मंदिरों पर भगवान भोलेनाथ से संबंधित धार्मिक पेंटिंग होगी।

राजसमंद के राजनगर स्थित स्कूल के बाहर बनाई गई आकर्षक पेटिंग्स
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
