scriptये हैं नगर परिषद राजसमंद की नौ हॉट सीटें | These are the nine hot seats of Municipal Council Rajsamand | Patrika News

ये हैं नगर परिषद राजसमंद की नौ हॉट सीटें

locationराजसमंदPublished: Jan 22, 2021 12:00:14 pm

Submitted by:

jitendra paliwal

बिछी बिसात : दोनों तरफ जोश है बराबर
 

ये हैं नगर परिषद राजसमंद की नौ हॉट सीटें

ये हैं नगर परिषद राजसमंद की नौ हॉट सीटें

राजसमंद. नगर परिषद चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही प्रत्याशियों ने अपने तरकश में रखे तमाम तरह के तीर प्रत्यंचाओं पर चढ़ाने शुरू कर दिए हैं। शरसंधान में एक-एक वोट पर नजर है। न केवल अपना वार्ड जीतने के लिए, बल्कि दूसरे वार्डों में भी सहयोगी उम्मीदवारों की जीत मुकम्मल बनाने और सभापति व उपसभापति पद की कुर्सी तक पहुंचने की गणित भी बैठाई जा रही है। यूं तो 45 में से अधिकांश वार्डों में इस बार 70 फीसदी चेहरे भाजपा-कांग्रे से से नए होने के कारण मुकाबला रोमांचक है, लेकिन कुछ वार्ड ऐसे हैं, जहां दंगल कुछ ज्यादा ही रोचक है। मुमकिन है कि इन्हीं वार्डों में से निकलकर कोई सभापति का पद हथिया ले। शहर की 9 हॉट सीटों पर एक नजर।
हॉट सीट- 1
वार्ड 2 : कांग्रेस से पूर्व नगरपालिकाध्यक्ष नारायणलाल सुथार के सामने भाजपा ने चेतन कुमावत को मौका दिया है। यहां पूर्व पालिकाध्यक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सुथार अपने इलाके में मजबूत माने जाते हैं, लेकिन कुमावत को भाजपा ने युवा चेहरा होने का फायदा दिया है, जो गणित को बदलने का माद्दा रखते हैं। इस वार्ड में अजा-जजा के वोट महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।
हॉट सीट- 2
वार्ड 5 : सौ फीट रोड क्षेत्र में आ रहे इस वार्ड में भाजपा ने युवा चेहरे गिरीश पालीवाल पर दांव खेला है। वह पूर्व चेयरमैन दिनेश पालीवाल के बेटे हैं। ऐसे में पूर्व पालिकाध्यक्ष की खुद की प्रतिष्ठा भी जुड़ी है। भाजपा इस वार्ड को जीतने की भरसक कोशिश में है, वहीं कांगे्रस ने सेवादल जिलाध्यक्ष पुष्कर श्रीमाली को यहां से टिकट दिया है। श्रीमाली पूर्व में एक बार हार चुके हैं, लेकिन पार्टी ने फिर मौका दिया है।
हॉट सीट- 3
वार्ड 12 : यहां से कांग्रेस से निवर्तमान प्रतिपक्ष नेता अशोक टांक खड़े हैं। वे दो बार पार्षद चुके हैं। युवा चेहरा हैं और निर्विवाद छवि है। उनको भाजपा के महेन्द्र टेलर चुनौती दे रहे हैं, जो पहले एक बार पार्षद रहे हैं। इस बार इस वार्ड में कड़ा मुकाबला होना तय है। टेलर भाजपा के नगर अध्यक्ष भी रहे। उनकी जमीनी पकड़ मजबूत है। दोनों अपनी-अपनी पार्टी से सभापति पद के दावेदारों में भी शुमार हैं।
हॉट सीट- 4
वार्ड 18 : यहां से भाजपा ने निवर्तमान पार्षद दीपक शर्मा को टिकट दिया है। उनके सामने गोपाल पूर्बिया कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्बिया को पहली बार मौका मिला है। इस वार्ड से भाजपा लगातार तीन बार जीती है। राजेश पालीवाल पूर्व में यहां से पार्षद रहे हैं। कांग्रेस को पिछली बार 1300 में से केवल 142 वोट मिले थे, लेकिन इस बार वह गणित पलटने की जुगत में है।
हॉट सीट- 5
वार्ड 19 : कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मांगीलाल टांक पूर्व में पार्षद रहे हैं। जीत-हार से उनकी प्रतिष्ठा से जुड़ गई है। उन्हें निवर्तमान भाजपा पार्षद खुशकमल कुमावत चुनौती दे रहे हैं। कुमावत शहर में पिछले कुछ वर्षों से भाजपा की युवा राजनीति के चुनिंदा चेहरों में शुमार रहे हैं। वह दिग्गत नेता किरण माहेश्वरी के करीबी रहे हैं। टांक व कुमावत सभापति के तगड़े दावेदारों में भी शामिल हैं।
हॉट सीट- 6
वार्ड 25 : हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में आ रहे इस वार्ड में सूर्यप्रकाश जांगिड़ भाजपा से व पंकजराज राणा कांग्रेस से खड़े हुए हैं। वार्ड में जातिगत गणित के हिसाब से कोई भी एक जाति हावी नहीं है। ऐसे में जातिगत गणित से परे इस वार्ड में मुकाबला तगड़ा हो सकता है। यहां दोनों प्रत्याशी एक-एक वोटर को अपने पक्ष में करने के लिए जी-तोड़ मेहनत में जुटे हैं। अगर परिषद में 45 में से बहुमत की सीटों का गणित फंसता है, तो इस वार्ड की भी अपनी भूमिका रहेगी।
हॉट सीट- 7
वार्ड 31 : भाजपा के अर्जुन मेवाड़ा तीन बार पार्षद रहे हैं, जिसमें लगातार दो बार उपसभापति कार्यकाल भी शामिल हैं। उनके सामने इस बार ताल ठोक रहे हैं कांग्रेस के रवि गर्ग। वह खुद लगातार तीन बार कांग्रेस से पार्षद रहे हैं। गर्ग हमेशा अपने गृहवार्ड से बाहर से लड़े और जीते। यह उनकी ताकत है। चौथी बार मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। वर्तमान में उपसभापति व हैट्रिक लगा चुके वरिष्ठ पार्षद की प्रतिष्ठा दांव पर है।
हॉट सीट- 8
वार्ड 35 : एक बार कांग्रेस से व दूसरी बार निर्दलीय पार्षद रहे चुन्नीलाल पंचोली को कांग्रेस ने टिकट दिया है। वह कांग्रेस जिला कार्यकारिणी में भी वरिष्ठ पदाधिकारी रहे हैं। उनके सामने भाजपा के नए चेहरे रजनीकांत साहू को मौका दिया गया है। साहू हाल ही में अपने क्षेत्र में तेजी से सक्रियता बढ़ा रहे हैं। दोनों उम्मीदवार एक ही जाति से होने और इसी समाज के मतदाताओं की तादाद यहां ज्यादा होने से मुकाबला रोचक हो सकता है।
हॉट सीट- 9
वार्ड 41 : ब्राह्मण बाहुल्य वार्ड में आशीष पालीवाल को पहली बार मैदान में भाजपा ने उतारा है। वह युवा चेहरा हैं। उनके सामने हैं कांग्रेस से दो बार जीते बृजेश पालीवाल। बृजेश तीसरी बार मैदान में हैं। यहां जातिगत गणित के मद्देनजर एक-एक वोट बटोरने में दमखम लगाया जा रहा है। यह पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश पालीवाल का गृहवार्ड भी है। ऐसे में प्रतिष्ठा भी जुड़ी है। यहां रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो