scriptराजसमंद झील में आया दो साल का पानी, मिली राहत | Two years of water came in Rajsamand lake, got relief | Patrika News
राजसमंद

राजसमंद झील में आया दो साल का पानी, मिली राहत

– खारी फीडर से पानी की आवक हुई बंद, जल स्तर 10.60 फीट , खारी फीडर से अब तक हुई 12.60 फीट पानी की आवक

राजसमंदOct 07, 2022 / 11:17 am

himanshu dhawal

राजसमंद झील में आया दो साल का पानी, मिली राहत

 राजसमंद का खारी फीडर से जिससे हो रही थी पानी की आवक।

राजसमंद. शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली राजसमंद झील में खारी फीडर से हो रही पानी की आवक बंद हो गई है। झील का जलस्तर 10.60 फीट पहुंच गया है। पेयजल आपूर्ति के लिए यह पानी दो साल के लिए पर्याप्त बताया जा रहा है। झील में पानी से आवक से प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
राजसमंद झील से शहरी क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जाती है। पिछले साल बारिश अच्छी नहीं होने के कारण झील का जलस्तर -2 फीट पहुंच गया था। इस वर्ष नाथद्वारा क्षेत्र में अच्छी बारिश होने के कारण बांध के ओवरफ्लो होने के कारण 14 अगस्त को खारी फीडर को खोला गया था। फीडर के माध्यम से झील में पिछले 51 दिनों से पानी की आवक जारी थी। फीडर को 5 अक्टूबर की शाम को बंद किया गया। इसके कारण झील का जलस्तर करीब 10.60 फीट पहुंच गया है। झील में अब तक 12.60 फीट पानी की आवक हुई है। झील में पानी की अच्छी आवक होने से जलदाय विभाग के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। उल्लेखनीय है कि पिछले दस सालों में खारी फीडर के माध्यम से झील में छह बार पानी की आवक हो चुकी है। ऐसे में अब इसे चौड़ा कराए जाने की आवश्यकता है।
राजसमंद में 677 एमएम हुई बारिश ़
राजसमंद जिला मुख्यालय पर इस बार अच्छी बारिश नहीं हुई है। सिंचाई विभाग के अनुसार जिला मुख्यालय पर अब तक 677 एमएम बारिश दर्ज की गई है, जो औसत बारिश से कम बताई जा रही है। जिले के नाथद्वारा, रेलमगरा और आस-पास के क्षेत्रों के अलावा पूरा जिला अच्छी बारिश के लिए तरस गया।
दो साल का पानी पर्याप्त
झील में वर्तमान में 1060 एमसीएफटी पानी बताया जा रहा है। जलदाय विभाग की ओर से प्रतिदिन एक एमसीएफटी पानी की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में पानी को तीन साल के लिए पर्याप्त बताया जा रहा है, लेकिन गर्मी में पानी के भाप बनकर उडऩे और नीचे मिट्टी आदि होने के कारण दो साल के लिए पर्याप्त बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि बारिश से पहले झील का जलस्तर – 2 फीट चला गया था।
झील में आया पर्याप्त पानी
राजसमंद झील का जलस्तर साढ़े 10 फीट से अधिक पहुंच गया है, जो राहत की बात है। इससे दो साल से अधिक समय तक पेयजल आपूर्ति हो सकती है। यह राहत की बात है।
– शिवदयाल मीणा, एसई जलदाय विभाग
खारी फीडर से पानी की आवक हुई बंद
खारी फीडर को 14 अगस्त को खोला गया था। इसके बाद से नियमित पानी पहुंच रहा था। झील का जलस्तर 10.30 फीट से अधिक हो गया है। फीडर को 5 अक्टूबर को बंद कर दिया गया है।
– औंकार बैंरवाल, एक्सईएन सिंचाई विभाग राजसमंद
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो