रांची

सऊदी अरब में फंसे झारखंड के 14 मजदूरों की हुई घर वापसी,खिल उठे परिजनों के चेहरे

शनिवार को ये सभी मजदूर रांची स्थित पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के आवास पर पहुंचे और वतन वापसी के लिए उनकी ओर से किये प्रयास के प्रति आभार प्रकट किया…

रांचीAug 12, 2018 / 02:24 pm

Prateek

photos from jharkhand

(पत्रिका ब्यूरो,रांची): सऊदी अरब में फंसे झारखंड के 41 मजदूरों में से 14 राज्‍य में लौट आए हैं। शनिवार को ये सभी मजदूर रांची स्थित पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के आवास पर पहुंचे और वतन वापसी के लिए उनकी ओर से किये प्रयास के प्रति आभार प्रकट किया।


यह लोग लौटे घर

इस मौके पर मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, रौशन लाल चौधरी एवं ज्योति शर्मा नेवतन वापस लौटे मजदूरों का माला पहनाकर स्वागत किया और उनका हालचाल जाना। इस क्रम में मजदूर सुभाष महतो विश्वनाथ महतो एवं संजय महतो ने सऊदी अरब की परेशानी को साझा किया और कहा कि उनके लौटने पर घर और गांव के लोग खुश हैं। लौटे मजदूरों में मनोज महतो ,विजय महतो, रामेश्वर महतो, रोहित महतो, सेवा महतो, सुबोध महतो, दीपचंद महतो, ठाकुर रविदास, अजय महतो, जगदीश महतो व लालजीत महतो के नाम शामिल है।

 

मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने बताया कि शेष 27 मजदूर सितंबर के पहले सप्ताह में लौटेंगे। सभी मजदूर हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़, बोकारो जिले के गोमिया और गिरिडीह जिले के बगोदर व पीरटांड़ के रहने वाले हैं। मजदूर ट्रांसमिशन लाइन में काम करने सऊदी अरब गए थे।


मंत्री ने लगाई थी सुषमा स्वराज से गुहार

गौरतलब है कि मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने गत 3 जुलाई को भारत सरकार के विदेश मंत्री सुषमा स्वराज एवं राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिखकर फंसे मजदूरों की सकुशल वापस लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया था। यही नहीं डॉ लंबोदर महतो को विदेश मंत्रालय एवं भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में रहने एवं मजदूरों के घर जाकर स्थिति की जानकारी लेने का निर्देश दिया था। अंततः उनकाप्रयास सफल रहा और साउदी अरब में फंसे मजदूरों की वतन वापसी शुरू हो गई है।

 

यह भी पढे: भाजपा सांसद रामटहल चौधरी का बयान, आदिवासी शराब पर उड़ा रहे हैं अपनी कमाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.