scriptमहागठबंधन भाजपा-आजसू को शिकस्त देने के लिए तैयार-हेमंत सोरेन | hemant soren says bjp will defeat from mahagathbandhan | Patrika News

महागठबंधन भाजपा-आजसू को शिकस्त देने के लिए तैयार-हेमंत सोरेन

locationरांचीPublished: Mar 18, 2019 08:24:48 pm

Submitted by:

Prateek

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में भाजपा फंस चुकी है और इस जाल से वो बाहर नहीं निकल सकेगी…

jmm

jmm

(रांची): झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा है कि महागठबंधन प्रदेश में भाजपा और उसके सहयोगी दल आजसू पार्टी को शिकस्त देने के लिए तैयार है। हेमंत सोरेन सोमवार को रांची स्थित सोहराई भवन में झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन की अगुवाई में हुई इस बैठक में मुख्य तौर पर सांसद, विधायक और केंद्रीय पदाधिकारी शामिल थे।


हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में भाजपा फंस चुकी है और इस जाल से वो बाहर नहीं निकल सकेगी। महागठबंधन भाजपा और उसके सहयोगी आजसू को शिकस्त देने के लिए तैयार है। हेमंत सोरेन ने बताया है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में लगातार आवाज उठाते रही है। चुनाव में सरकार के कुशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने की रणनीति तय की गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में यूपीए बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार और बंगाल में पार्टी अपनी राजनीतिक क्षमता के अनुसार चुनाव लड़े, इस पर फैसला लेने के लिए प्रमुख शिबू
सोरेन को अधिकृत किया गया है, जबकि ओडिशा में झामुमो और कांग्रेस के बीच गठबंधन होगा।


यूपीए में सीटों के बंटवारे को लेकर एक सवाल पर झामुमो नेता ने कहा कि 24 मार्च तक अधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी जाएगी। 24 मार्च से पहले ही घोषणा की जानी थी, लेकिन इस बीच झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन का कार्यक्रम पहले से तय था। इसके बाद भी कोशिश होगी कि जल्दी सब कुछ साफ कर दिया जाए। उन्होंने इन बातों से इनकार किया कि यूपीए के घटक दलों के बीच अब किसी बात पर खींचतान है।


उन्होंने कहा कि वाम दलों को गठबंधन में शामिल करने के वे पक्षधर रहे हैं, कांग्रेस और सहयोगी दलों से भी इसकी चर्चा की है। इस विषय पर आगे कांग्रेस पहल करेगी। साथ ही कांग्रेस ही स्थिति स्पष्ट करेगी। राजद के दो सीटों पर दावेदारी को लेकर उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस और राजद के बीच का यह मामला है, वे इसे सुलझा लेंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो