scriptमुख्यमंत्री का छग में चुनावी दौरा, चार जनसभाओं को किया संबोधित | jharkhand CM Addressed for Chhattisgarh elections | Patrika News
रांची

मुख्यमंत्री का छग में चुनावी दौरा, चार जनसभाओं को किया संबोधित

मुख्यमंत्री ने चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आज कहती है कि हम विकास करेंगे, अगर कांग्रेस ने विकास किया होता तो छत्तीसगढ़ की जनता अलग राज्य की मांग नहीं करती…

रांचीNov 17, 2018 / 09:17 pm

Prateek

cm

cm

(पत्रिका ब्यूरो,रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में चुनावी दौरे पर है। मूल रूप से छत्तीसगढ़ के ही रहने वाले रघुवर दास ने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चार जनसभाआें को संबोधित किया।

 

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सबसे पहले साजा विधानसभा (दुर्ग) के परपोड़ी में जनसभा को संबोधित किया और इसी विधानसभा क्षेत्र के बड़े पुरदा में जनसभा को संबोधित करने के बाद रायपुर जिले के सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरमकेला में सभा को संबोधित किया।


शाम को मुख्यमंत्री ने कुरूद विधानसभा के भखारा में चुनावी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आज कहती है कि हम विकास करेंगे, अगर कांग्रेस ने विकास किया होता तो छत्तीसगढ़ की जनता अलग राज्य की मांग नहीं करती। देश की जनता ने ही एक गरीब मां के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया है और इसलिए वो जनता के लिए दिन रात काम कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आज कई जनसभाओं को संबोधित किया, इन जनसभाओं में उमड़ा विशाल जनसमूह ये दर्शाता कि डॉ. रमण सिंह के नेतृत्व में एक बार फिर राज्य में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 15 सालों में जो विकास में हुआ है, उसे और आगे लेकर जाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि डबल इंजन होने से बहुत फायदा होता है, आज दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार है और छत्तीसगढ़ में डॉ. रमण सिंह सरकार है जिसका आपको लगातार फायदा मिल रहा है।


इससे पूर्व चुनाव प्रचार पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ट्वीट कर उम्मीद जताई थी कि छत्तीसगढ़ की जनता एक बार फिर से डॉ. रमण सिंह के नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत से चुनेगी। मुख्यमंत्री 18 नवंबर को भी चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री प्रेमनगर, रामानुजगंज, बेमेतरा और वैसालीनगर विधानसभा में चुनावी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

 

गौरतलब है कि रघुवर दास मूल रूप से छत्तीसगढ़ राज्य के ही रहने वाले है और उनके पिता ने छत्तीसगढ़ से आकर जमशेदपुर में आकर टाटा स्टील कंपनी में काम प्रारंभ किया। बाद में रघुवर दास ने भी टाटा कंपनी में मजदूरी का काम किया और इसी दौरान सक्रिय राजनीति में आने के बाद उन्होंने टाटा कंपनी में काम छोड़ दिया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो