रांची

महागबंधन की राज्यस्तरीय समन्वय समिति की पहली बैठक संपन्न, लोकसभा चुनाव को लेकर बनी रणनीति

महागठबंधन के प्रमुख व वरिष्ठ नेताओं की उपयोगिता व मांग के हिसाब से सभी क्षेत्रों में सभा कराना सुनिश्चित हुआ…

रांचीApr 18, 2019 / 05:19 pm

Prateek

MahaGathbandhan

(रांची): झारखंड महागठबंधन की राज्य स्तरीय समन्वय समिति की घोषणा के साथ ही समिति ने अपना चुनावी अभियान तेज करना प्रारंभ कर दिया है। महागठबंधन की यह समन्वय समिति लोकसभा चुनाव को लेकर 18 अप्रैल को सुबह ही प्रमुख चारों दलों क्रमशः कांग्रेस, झामुमो, झाविमो व राजद के मनोनित सदस्यों का जुटान झामुमो के प्रवक्ता विनोद पांडेय के आवास स्थित वार रूम में हुआ।


झामुमो के वार रूम में आयोजित महागठबंधन के राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में कई निर्णय लिए गए। राज्य स्तरीय समन्वय समिति की तरह गठबंधन दलों के बीच ऐसा ही सामंजस्य राज्य स्तर के अलावा जिला, प्रखंड, पंचायत व बूथ स्तर तक स्थापित हो, इस पर चर्चा हुई। समिति ने जिला से लेकर बूथ स्तर तक ऐसी ही समन्वय समिति गठित करने की बात कही। साथ ही महागठबंधन के प्रमुख व वरिष्ठ नेताओं की उपयोगिता व मांग के हिसाब से सभी क्षेत्रों में सभा कराना भी सुनिश्चित हुआ।


वहीं बैठक में और कई एजेंडे तय हुए तो कई चुनावी रणनीति पर भी गहन चर्चा हुई। भाजपा को कैसे चुनावी मैदान में पटकनी दी जा सके और महागठबंधन राज्य के सभी 14 सीटों पर परचम लहरा सके, इस पर खासी रणनीति बनाई गई। समन्वय समिति के नेताओं का कहना है कि गठबंधन का लक्ष्य सभी 14 सीटें जीतना है। किसी लोकसभा क्षेत्र में थोड़ी भी चूक का मौका हम नहीं देने वाले हैं। पूरे राज्य में भाजपा के प्रति आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी आक्रोश को वोट में तब्दील करना महागठबंधन में शामिल दलों का प्रमुख लक्ष्य है।


विभिन्न दलों से यह नेता रहे मौजूद

बैठक के दौरान समन्वय समिति में झामुमो से विनोद पांडेय व सुप्रियो भट्टाचार्य, कांग्रेस से रवीन्द्र सिंह, झाविमो से योगेन्द्र प्रताप सिंह व डॉ के के पोद्दार और राजद से मनोज कुमार व डा0 मनोज मौजूद थे।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.