रांची

विरोधियों ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की शुरुआत कर दी है-नरेंद्र मोदी

लोहरदगा में पीएम मोदी ने किया चुनावी सभा को संबोधित किया, कहा- विरोधियों के पास पराजय स्वीकार करने के सिवाय कोई चारा नहीं बचा…
 

रांचीApr 24, 2019 / 04:27 pm

Prateek

modi file

(रांची,लोहरदगा): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि तीन चरण के मतदान पश्चात और 300 सीटों पर वोट पड़ने के बाद अब विरोधियों के लिए खुले रूप से पराजय स्वीकार करने के सिवाय कोई चारा नहीं बचा है। नरेंद्र मोदी आज झारखंड के लोहरदगा के बीएस कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी सह केंद्रीय राज्यमंत्री सुदर्शन भगत के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।


नरेंद्र मोदी ने कहा कि विरोधियों को दूसरे चरण में ही अंदाजा हो गया था, फिर भी बात करने की हिम्मत कर रहे थे, लेकिन कल के मतदान के बाद उनके चेहरे लटक गए है। विरोधियों ने भी मान लिया है, देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि तीसरा चरण समाप्त होते होते इन लोगों (विपक्षी पार्टियों) ने अपनी तोप का मुंह मोड़ दिया है, अब तक जितनी गालियां वो मोदी को देते थे अब वो गालियां ईवीएम को देने लगे हैं। अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की शुरुआत इन्होने पहले से ही कर दी है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता ने वर्ष 2014 में मजबूत सरकार बनाई, तभी आज नक्सलवाद और माओवाद पर इतना काबू पाया जा सका है। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में बहुत कमी आई है। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी आज आमजन इसका अनुभव कर रहे हैं कि पहले जिन इलाकों में दिन ढलने के बाद लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे, वहां अब स्थितियां तेजी से बदल रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले ही सभी ने देखा कि किस तरह ईस्टर के पवित्र दिन श्रीलंका में आतंकवादियों ने किस तरह चर्च और दूसरी प्रमुख जगहों पर बम धमाके किए। जो दिन भगवान यीशू के संदेश की याद दिलाता है, उस दिन आतंकियों ने सैकड़ों लोगों की जान ले ली।


उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत में भी इसी तरह की स्थिति से गुजर रहा था। पाकिस्तान आतंकी भेजता था, आतंकी यहां पर हमले करते थे और जो कांग्रेस की सरकार थी, वो रोना शुरू कर देती थी। रोते हुए, डर-डरकर आतंकवाद का मुकाबला हो सकता है क्या! नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के चौकीदार ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया। हमने घर में घुसकर आतंकियों को मारा, आतंक के सरपरस्तों को खत्म किया। आज हर आतंकी के मन में ये डर है कि अगर उसने कोई गलती की, तो ये मोदी है-उसे पाताल में भी खोजकर ठिकाने लगा देगा।

 

नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की शाम को राजधानी रांची में आयोजित रोड शो का जिक्र करते हुए कहा कि कल ऐसा शानदार, जानदार दृश्य था जो देखते ही बनता था, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक एक इंच ऐसी जगह नहीं थी कि जहां पूरा रांची शहर खड़ा होकर आशीर्वाद न देता हो। उन्होंने कहा कि एक सरकार को दोबारा सरकार बनाने के लिए जनता का मिजाज क्या होता है ये झारखंड वालों ने कल दिखा दिया। लोगों की इस ललकार ने दिल्ली की कुर्सी पर नजर गड़ाएं भ्रष्टाचारियों और महामिलावटियों में हड़कंप मचा दिया है।


इस रैली को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी संबोधित किया। मंच पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और झारखंड के लोकसभा प्रभारी मंगल पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री और खूंटी के लोकसभा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा, चतरा के सांसद सह प्रत्याशी सुनील सिंह, लोहरदगा के प्रत्याशी सह केंद्रीय राज्यमंत्री सुदर्शन भगत, विधायक गंगोत्री कुजूर, जयप्रकाश भोक्ता, हरेकृष्ण सिंह, गणेश गंझू, राज्यसभा सांसद समीर उरांव भी उपस्थित थे।

Home / Ranchi / विरोधियों ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की शुरुआत कर दी है-नरेंद्र मोदी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.