रांची

मोदी लहर में दो क्षेत्रीय दलों के दो क्षत्रप हारे, मुख्यमंत्री रघुवर दास का कद बढ़ा

झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष शिबू सोरेन और उनकी पार्टी की संताल परगना प्रमंडल में बड़ी पकड़ मानी जाती थी, लेकिन इस बार के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि वर्ष 2014 के मोदी लहर में भी शिबू सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन को पराजित कर दिया था और दुमका से वे आठ बार सांसद रह चुके हैं…

रांचीMay 23, 2019 / 10:16 pm

Prateek

cm

(रांची): भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में देशभर में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया और इस मोदी लहर में झारखंड की दोबड़े क्षेत्रीय राजनीतिक दल के क्षत्रप भी चुनाव हार गये। झारखंड मुक्ति मोर्चा अध्यक्ष शिबू सोरेन और उनकी पार्टी की संताल परगना प्रमंडल में बड़ी पकड़ मानी जाती थी, लेकिन इस बार के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि वर्ष 2014 के मोदी लहर में भी शिबू सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन को पराजित कर दिया था और दुमका से वे आठ बार सांसद रह चुके हैं। वहीं शिबू सोरेन को कड़ी टक्कर देने वाले भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन लगातार तीसरी बार दुमका से उनके खिलाफ चुनाव मैदान में थे। हालांकि सुनील सोरेन भी पहले झामुमो कार्यकर्ता के रूप में ही शिबू सोरेन की मदद करते थे।


इधर, कोडरमा में झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा के दोनों उम्मीदवार चुनाव हार गए और लोकसभा चुनाव में मिली पराजय से पूरे पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। बाबूलाल मरांडी को हाल ही में राजद छोड़ कर भाजपा में आई अन्नपूर्णा देवी ने पराजित किया। हालांकि इस चुनाव में कांग्रेस भी सिंहभूम लोकसभा सीट बड़ी अंतर से जीत हासिल करने में सफल रही, लेकिन यह जीत कांग्रेस की जीत के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और उनकी विधायक पत्नी गीता कोड़ा की व्यक्तिगत जीत मानी जा रही है।


झारखंड में वर्ष 2014 की तरह पुराना प्रदर्शन दोहराना मुख्यमंत्री रघुवर दास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राजनीतिक विश्लेषक पूर्व मेंयह आशंका व्यक्त कर रहे थे कि लोकसभा चुनाव में राज्य सरकार के खिलाफ व्याप्त एंटी इंकंबेंसी से नुकसान होगा, लेकिन पूरे देश की तरह झारखंड में भी भाजपा को मिली जीत से पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री रघुवर दास की स्थिति मजबूत हुई है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.