scriptकम उम्र में शादी करने से सर्वाइकल कैंसर का खतराःराज्यपाल | Risk of cervical cancer by getting married at an early age:governor | Patrika News

कम उम्र में शादी करने से सर्वाइकल कैंसर का खतराःराज्यपाल

locationरांचीPublished: Jun 21, 2018 01:14:17 pm

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महिलाएं सेवाभाव के लिए ही जानी जाती है। इसीलिए उन्होंने निरोग एवं तंदुरुस्त होना चाहिए…

droupadi murmu

droupadi murmu

रवि सिन्हा की रिपोर्ट…

(रांची): राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चंद्रवंशी बुधवार को संतालपरगना प्रमंडल के साहेबगंज जिला मुख्यालय में आयोजित मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर के समापन समारोह में शामिल हुए।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि आज सैकड़ों महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर के संबंध में जांच शिविर आयोजित की गई है। इस संबंध में महिलाओं के बीच जागरुकता फैलाने की आवश्यकता है। इस के लिए मेगा महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन लगातार वीमेन डॉक्टर्स विंग आई एम ए के द्वारा किया जा रहा है, जो काबिले तारीफ है। पिछले बार राजमहल में अमेरिका से डॉक्टर आईं थी इस बार दिल्ली से डॉक्टर्स की टीम आई हैं।


राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि महिलाएं सेवाभाव के लिए ही जानी जाती है। इसीलिए उन्होंने निरोग एवं तंदुरुस्त होना चाहिए। उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने साहेबगंज जिले को सर्वाइकल कैंसर से मुक्ति के लिए उसके डिटेक्शन जांच हेतु आर्थिक सहायता के रुप में कॉल्पोस्कोप तथा क्रायो मशीन एवं गैस सिलिंडर प्रदान किया है। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य से ही देश आगे बढ़ेगा। कम उम्र में महिलाओं की शादी नहीं कि जानी चाहिए क्योंकि यही उनकी सर्वाइकल कैंसर का खतरा पैदा करता है। महिलाओं को साफ सफाई का ज्यादा ध्यान देने की जरुरत है। संतुलित आहार करना महिलाओं के लिए अति आवश्यक है। रासायनिक खाद से तैयार अन्न सब्जी का सेवन न करें बल्कि जैविक खाद से तैयार अनाज एवं खाद्यान पदार्थ का सेवन करना चाहिए।

 

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यहां निवास करने वाले आदिम जनजाति के लोग दूर दराज पहाड़ों पर रहते है। उन लोगों की उम्र काफी कम (40 से 50 साल) है। उनमें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता लाने की जरुरत है। सही समय पर एवं पौष्टिक आहार का सेवन करने से स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और अपने जिले, राज्य और देश की प्रगति में सहयोगी की भूमिका निभा पाएंगे।

 

यूं प्रभावित कर रहा सर्वाइकल कैंसर

इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री सर्वाइकल कैंसर की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से पूरे देश में 122844 लोग पीड़ित हैं 67000 लोग मर जाते हैं। सरकारी सहयोग से रोगग्रस्त महिलाओं का इलाज कराया जाएगा। ग्रस्त परिवारों या 72000 वार्षिक आय वाले मरीजों को 4 लाख तक की सरकारी मदद दी जा सकती है। 117 रोग के लिए इलाज के लिए सरकार इलाज की सुविधा प्रदान कर रही है। 108 एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। 15 जून को केंद्र सरकार से साल में 5 लाख रुपए प्रति परिवार देने का प्रस्ताव भेजा है। 25 लाख परिवारों को झारखंड में लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग अपनी योजनाओं से को लोगों को शत प्रतिशत आच्छादित करने के लिए कृतसंकल्पित है।

ट्रेंडिंग वीडियो