scriptकंपकंपा देने वाली ठंड में सेवा बनी सहारा | Help | Patrika News

कंपकंपा देने वाली ठंड में सेवा बनी सहारा

locationरतलामPublished: Dec 07, 2017 06:03:14 pm

Submitted by:

harinath dwivedi

– कंबल देकर ठिठुरते तन को दी राहत

patrika
रतलाम। दिसंबर की शुरुआत से ही शहर में कड़कड़ाती सर्दी ने नागरिकों को ठिठुरा दिया, ऐसे में निराश्रित और जरूरतमंदों के लिए मददगार हाथ ऊनी वस्त्र लेकर आगे आए तो उन्हे भी इस बेरहम सर्द लहरों से मुक्ति मिली। पत्रिका द्वारा चलाए जा रहे हमदर्द अभियान के अन्तर्गत शहर के प्रबुद्धजन, सामाजिक संस्था संगठन के पदाधिकारी सहित इस प्रेरणादायी कार्य को देख हर दिन नागरिक जुड़ रहे हैंं।
बुधवार को पत्रिका हमदर्द अभियान से प्रेरित होकर स्व. रेवाशंकर पंड्या की स्मृति में अशोक पंड्या ने जरुरतमंदों के लिए ५० नए ऊनी कंबल पतंजलि नशामुक्ति समिति अध्यक्ष महेश शर्मा को भेंट किए। यह कंबल शहर में रात्रि के घूम कर सर्दी में ठिठुर रहे जरूरतमंदो को दिए जाएंगे।

जैसे-जैसे हमदर्द अभियान का लोगों को पता चलता जा रहा है, हर कोई इस पुनित कार्य में आगे बढ़कर जुडऩे के लिए उत्साहित नजर आ रहा है। ताकि उन जरुरतमंदों और निराश्रित लोगों तक जरुरत की सामग्री पहुंचे, जिन्हे हकीकत में इसकी जरुरत है। महाराष्ट्र समाज के अध्यक्ष मिलिंद करंदीकर, सुधीर सराफ द्वारा गर्म कपड़ों का वितरण जरूरतमंदों को किया गया। पेंशनर्स एसोसिएशन मप्र के तत्वावधान में कालिका माता मंदिर परिसर में जरुरतमंदो को ऊंनी वस्त्रों का वितरण किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष किर्ती शर्मा सहित अन्य पेंशनर्स साथीगण उपस्थित थे।
७ दिसंबर को दोपहर २ बजे से लायंस हॉल में दिव्यांग बच्चों को गर्म काले कोर्ट का वितरण किया जाएगा। वाघेला गो सेवा ग्रुप और पतंजलि योगा ग्रुप के दिनेश वाघेला ने बताया कि यह सेवा का अच्छा माध्यम है। इसी को दृष्टीगत रखते हुए लायंस हॉल में दस से अधिक दिव्यांग बच्चों को गर्म कोर्ट भेंट किए जाएंगे, इसके बाद मिशन अस्पताल स्थित बालगृह के बच्चों को वस्त्रों का वितरण किया जाएगा।

आइए हम बढ़ाए कदम, जरूरतमंदों को करे कपड़े भेंट

सर्दी से बचाव के लिए जरूरतमंदों को गर्म कपड़े देने के लिए शहर में ८ संस्थाओं के माध्यम से केन्द्र खोले गए है। इन केन्द्रों पर कोई भी शहरवासी गर्म व अच्छे कपड़े दे सकता है। इन कपड़ों का संस्था के सदस्यों द्वारा जरूरतमंदों को वितरण किया जा रहा है। अन्य संस्थाएं भी अपने केन्द्र खोलने के लिए हमसे संपर्क कर सकती है। जरूरत हर जरूरतमंद को सर्द मौसम में अपनत्व के एहसास के साथ कपड़े देने की है।
वाट्सएप पर हमारा संपर्क : 9179890074

ट्रेंडिंग वीडियो