रतलाम

किसान परेशान, पाला गिरने से खराब हुई फसल, अब मुआवजा के लिए भटक रहे

किसान परेशान, पाला गिरने से खराब हुई फसल, अब मुआवजा के लिए भटक रहे

रतलामFeb 01, 2019 / 05:24 pm

Yggyadutt Parale

किसान परेशान, पाला गिरने से खराब हुई फसल, अब मुआवजा के लिए भटक रहे

भू-अभिलेख अधिकारी के बयान से किसान नाराज

रतलाम. पाला गिरने से खराब हुई फसलों के मुआवजे को लेकर गुरुवार को कुछ गांवों के किसान फिर से सड़क पर आ गए। किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और यहां पर अपनी मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि प्रशासनिक अमला जल्द उनकी फसलों का सर्वे कर उन्हे मुआवजा दिलाए जाने की प्रक्रिया को पूरा करे।
युवा किसान संघ के बैनर तले कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों में ग्राम रिंगनिया, हतनारा, मलवासा, जड़वासा, बाजनखेड़ा, घटला गांव के किसान शामिल रहे। किसानों का कहना था कि उनके इन गांवों में २९ दिसंबर २०१८ को पाला पडऩे से फसलों को नुकसान हुआ था लेकिन हालही में भू अभिलेख अधीक्षक ने एक बयान में कहा कि किसानों की फसल को नुकसान नहीं हुआ है। इस बात को लेकर किसानों में आक्रोश है। किसानों की माने तो प्रशासन उनकी फसलों के नुकसान के संबंध में जल्द उसका आंकलन कर उन्हे मुआवजा राशि दिलाए जाने की प्रक्रिया करें। यदि जल्द उन्हे मुआवजा नहीं मिलता है, तो उनके द्वारा आंदोलन किया जाएगा।

पारा चढ़ा, शीतलहर जारी, न्यूतनम तापमान ६.८ डिग्री
रतलाम। उत्तरी हवाओं के कारण जिले में शीतलहर गुरुवार को भी चलती रही। हालांकि तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, मौसम केन्द्र ने बादल छंटने के बाद सर्दी बढऩे के साथ ही मावठे की आशंका भी जताई है। गुरुवार को न्यूनतम पारा ६.८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में भी २ दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
शहर सहित समूचा अंचल बीते ५ दिनों से शीतलहर का सामना कर रहा है। उत्तरी भारत में बर्फबारी के कारण कई इलाकों का तापमान कम हो गया है। इसका असर सर्द हवाओं के तौर पर सामने आ रहा है। जिले में गुरुवार को ठंड का असर कुछ कम हुआ लेकिन हवाओं का रूख जारी रहा। दिन का अधिकतम तापमान २८ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है तो न्यूनतम तापमान का स्तर सुधार के बाद ६.८ डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार की अपेक्षा दिन और रात के तापमान में भी आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को बीते ५ दिनों में पारे का स्तर सबसे ज्यादा रहा, इससे सर्दी से राहत मिली।
चार दिन में ऐसा रहा पारा…
३१ जनवरी, गुरुवार
न्यूनतम ६.८, अधिकतम २६.०
३० जनवरी, बुधवार
न्यूनतम ५.०, अधिकतम २६.२
२९ जनवरी, मंगलवार
न्यूनतम ४.८, अधिकतम २३.६
२८ जनवरी, सोमवार
न्यूनतम ४.३, अधिकतम २३.२
मावठे की आशंका, बादल छाए रहे
मौसम केन्द्र ने आगामी दिनों में मावठे की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। गुरुवार को दिन में ज्यादातर वक्त तक बादल छाए रहे। प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओला-पाला गिरने के बाद किसान चिंता में है, जबकि कृषि अधिकारी फसलों के बचाव की सलाह जारी कर रहे है। प्रशासन ने भी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के लिए कहा है।
इस तरह मौसम का रूख
मौसम केन्द्र की ताजा रिपोर्ट बताती है अगले ४ से ५ दिनों तक तापमान का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। ६-७ फरवरी के आसपास बारिश की भी संभावना है, इससे शहर का तापमान फिर कम हो सकता है। पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी के कारण सर्द हवाओं का रूख बना रहेगा। इससे तापमान का स्तर प्रभावित होता है व शीतलहर चलती है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.