script

सद्भावना दौड़ में राजनीतिक उठापटक

locationरतलामPublished: Aug 21, 2019 06:00:45 pm

Submitted by:

Mukesh Mahavar

कांग्रेस ने कलेक्टर से खेल अधिकारी को हटाने की शिकायत की, कलेक्टर ने थमाया नोटिस

सद्भावना दौड़ में राजनीतिक उठापटक

सद्भावना दौड़ में राजनीतिक उठापटक

रतलाम. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस पर खेल विभाग द्वारा शहर में आयोजित सद्भावना दौड़ में राजनीतिक ‘उठापटकÓ चर्चा का विषय बन गई है। कांग्रेस ने खेल अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने दौड़ में जनप्रतिनिधियों को समय पर सूचना नहीं देने और बुलावा नहीं भेजने पर नाराजगी जताई है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर रुचिका चौहान से करते हुए खेल अधिकारी को निलंबित किए जाने की मांग भी की गई है। कलेक्टर ने खेल अधिकारी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कांग्रेस आईटी सेल ने इस मामले में खेल विभाग के अधिकारी मुकुल जॉय बेंजामिन को निलंबित किए जाने के संबंध में कलेक्टर को एक मांग पत्र सौंपा है। आईटी सेल अध्यक्ष हिम्मत जैथवार ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन पर सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया था लेकिन रतलाम में खेल विभाग के अधिकारी भाजपा की मानसिकता के हैं और उन्होंने इस आयोजन को फ्लॉप करने के लिए न तो कोई सरकारी प्रेस नोट जारी कर मीडिया को सूचना दी और न कांग्रेस के किसी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। मांग पत्र दिए जाने के दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता यास्मीन शेरानी, वसीम अली शेरानी, सौरभ अग्रवाल, दीपू सरदार, तनवीर खान, एरिक जॉर्ज, समीर शेरानी आदि उपस्थित थे।

कॉलेज से शुरू हुई थी
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित सद्भावना दौड़ की शुरुआत वैसे तो शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालाय से होकर जेल रोड, लोकेंद्र टॉकिज चौराहा, न्यू रोड, दो बत्ती, यातायात थाना होकर नेहरू स्टेडियम में इसका समापन हुआ। यहां पर कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, अपर कलेक्टर जमुना भिडे़ सहित अन्य अधिकारियों ने विजेताओं को पुरुस्कृत किया। दौड़ में बालक वर्ग में पहले स्थान पर आशीष पंवार, द्वितीय तरूण सिंह पंवार व तीसरे स्थान पर सुनील गुर्जर रहा। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम तेजस्वी प्रजापति, दूसरे पर प्रिया कुशवाह व तीसरे स्थान पर गुरप्रीत कौर रही।
स्टाफ से चूक हुई है
&सद्भावना दौड़ को लेकर कांग्रेस शहर अध्यक्ष से संपर्क किया था, लेकिन उन्होने बाहर होने का हवाला दिया था, जिस पर पूर्व महापौर पारस सकलेचा को बुलाया गया था। इनके अतिरिक्त अन्य जनप्रतिनिधियों को भी बुलाने के लिए निमंत्रण देने का स्टाफ को बोला था, उनसे सूचना प्रेषित करने में चूक हुई है। भविष्य में एेसी गलती न हो ध्यान रखा जाएगा।
– मुकुल जॉय बेंजामिन, खेल अधिकारी, रतलाम

ट्रेंडिंग वीडियो