पत्रिका के हरित प्रदेश अभियान का आगाज रविवार को हो गया। रतलाम सहित मंदसौर और नीमच में जनप्रतिनिधियों तथा स्वैच्छिक संगठनों की मदद से पत्रिका परिवार की मौजूदगी में पौधे रोपे गए। पौधों का रोपण करने के साथ ही संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान के तहत रतलाम में श्री कालिका माता मंदिर परिसर मेंं 51 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान रेलवे के डीआरएम आरएन सुनकर, महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, पार्षद रणजीतिसिंह परिहार और अशोक यादव तथा जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय मौजूद रहे।
कालिका माता मंदिर परिसर में मप्र जन अभियान परिषद, तेजस्वी दल, नगर निगम सहित अन्य संगठनों के सदस्यों और पदाधिकारियों ने पौधों का रोपण कर उत्साह दिखाया।
पत्रिका परिवार ने भी मंदिर परिसर में पौधारोपण किया। रतलाम संस्करण संपादक हरिनाथ द्विवेदी के साथ स्टॉफ सदस्यों ने परिसर मेंं पौधे रोपे। आंचलिक संवादाता भी मौजूद रहे।
जल संरक्षण अभियान 'अमृतं जलम् में इस साल लोगों की बड़ी भागीदारी के बाद पत्रिका समूह ने सामाजिक सरोकारों में 8 जुलाई से यह अभियान शुरू किया है।
हरियाली से खुशहाली लाने के लिए इस मानसून में जनसहभागिता से देशभर में लाखों फलदार-फूलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। संस्करण में 5 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
प्रकृति संरक्षण के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत 2005 में तत्कालीन उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत और पत्रिका समूह के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी द्वारा की गई थी।
हर साल मानसून में इस अभियान का आगाज किया जाता है। अनवरत चले इस अभियान में 2017 तक १७ हजार से अधिक स्थानों पर 13 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है।
परिसर में नीम, पीपल, शीशम, अशोक, जामुन, सीताफल, बादाम, गुलमोहर सहित फलों और फुलों की विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इन पौधों का संरक्षण भी किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और स्वैच्छिक संगठनों ने पौधारोपण कर संरक्षण का भी संकल्प लिया।