scriptPolitical: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी सीएम कमलनाथ को चुनौती | Political: BJP state president challenges CM Kamal Nath | Patrika News

Political: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी सीएम कमलनाथ को चुनौती

locationरतलामPublished: Sep 09, 2019 12:24:08 am

Submitted by:

sachin trivedi

नगरीय निकाय चुनाव प्रत्यक्ष आधार पर कराएं, जनप्रतिनिधि थोपे नहीं चुने हुए चाहिए

patrika

patrika

रतलाम. नगरीय निकाय चुनाव में महापौर और अध्यक्षों का निर्वाचन सीधे जनता की बजाय पार्षदों के बीच से कराने की सरकार की मंशा की अटकलों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेशसिंह ने सीएम कमलनाथ को चुनौती दे दी है। रविवार को विधायक चेतन्य काश्यप के फांडेशन के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने आए सिंह ने कहा कि हमारा मानना है कि जनप्रतिनिधि थोपे नहीं चुने हुए होना चाहिए, पार्षदों के बीच से महापौर-अध्यक्ष चुना जाएगा तो खरीद-फरोख्त होगी, विवाद होंगे। जनता द्वारा चुना गया निकाय प्रतिनिधि जनता के प्रति जिम्मेदार होगा, लेकिन कमलनाथ सरकार अपनी असफलता के कारण डर रही है और इस तरह की प्रक्रिया लाने का प्रयास हो रहा है, हम इसका विरोध करेंगे। साथ ही सीएम कमलनाथ को चुनौती देता हंू कि वो प्रत्यक्ष तरीके से चुनाव कराएं, फिर देख लें, जनता किस तरह जवाब देती है, क्योंकि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश का विकास ठप कर दिया है। हम 11 सितंबर को घंटानाद के जरिए सरकार के खिलाफ आंदोलन की शुरूआत करेंगे, इसके बाद आंदोलन दर आंदोलन जनता के मुद्दों पर संघर्ष किया जाएगा।
अपने अंतरविरोधों के चलते गिरेगी कांग्रेस सरकार
भाजपा के कुछ नेताओं की सरकार गिराने संबंधी बयानबाजी पर प्रदेशाध्यक्ष सिंह ने कहा कि यह सरकार हम नहीं गिराएंगे, बल्कि खुद ही गिर जाएगी। इनके नेताओं के बीच के अंतरविरोध खुलकर सामने आ रहे है, वे खुद ही एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे है। कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार चरम पर आ गया है, सभी जगह विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े है।
सिंधिया के सवाल पर सीधा जवाब नहीं
पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी और भाजपा में उनके आने की अटकलों के सवाल पर सिंह ने सीधा जवाब नहीं दिया। वे कहते रहे कि कांग्रेस में अंतरविरोध खुलकर सामने आ गया है, हमें कुछ करने की जरूरत नहीं है, कांग्रेसी ही इस सरकार को गिराएंगे। कुछ माह में ही कांग्रेस सरकार ने प्रदेश को काफी पीछे धकेल दिया है।
रात में पहुंचे रतलाम, कार्यकर्ताओं से चर्चा
प्रदेशाध्यक्ष सिंह शनिवार की रात को ही रतलाम आ गए थे, वे सुबह जल्द उठे और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक चुनाव पर बात की। सर्किट हाउस पर विधायक चेतन्य काश्यप और महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने उनका स्वागत किया। दोपहर में वे चेतन्य काश्यप फांउडेशन के समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सांसद गुमानसिंह डामोर से झाबुआ में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अलग से चर्चा भी की। सर्किट हाउस पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही व्यापारी और किसानों के प्रतिनिधि उनसे मिले।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो