scriptनामली में धर्मसभा में 6 महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व चेन चोरी | ratlam chori news | Patrika News

नामली में धर्मसभा में 6 महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व चेन चोरी

locationरतलामPublished: Oct 05, 2018 09:41:21 pm

Submitted by:

Sourabh Pathak

नामली में धर्मसभा में 6 महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व चेन चोरी

patrika

नामली में धर्मसभा में 6 महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व चेन चोरी

रतलाम। नामली नगर में चल रही धर्मसभा में शुक्रवार शाम महिला चोर गिरोह ने 6 महिलाओं के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र चुरा लिए। घटना का खुलासा आरती के बाद भंडारे के पूर्व एक वृद्धा को गले में किसी का हाथ होने की शंका होने पर हुआ। वृद्धा पलटी तो एक महिला ने उसकी चेन पकड़ रखी थी। शोर मचने पर जब अन्य महिलाओं ने अपनी चेन देखी तब इस वारदात का खुलासा हुआ। मौके पर मौजूद महिलाओं ने मामले में एक संदिग्ध महिला को पकड़ पुलिस का सौपा है।
पुलिस के अनुसार चेन व मंगलसूत्र चोरी की यह घटना शाम करीब 5 बजे की है। पीडि़त महिलाएं नामली में उत्तम स्वामी महाराज की भागवत कथा सुनने के लिए गई थी। वहां शाम को 5 से 5.30 बजे करीब आरती के लिए महिलाएं खड़ी हुई थी। इस दौरान चोर गिरोह से जुड़ी महिलाओं ने एक-एक कर पांच महिलाओं के गले से दो चेन व तीन मंगलसूत्र चुरा लिए। एक और महिला के गले पर हाथ जाने के दौरान उसे शंका होने के बाद मचे हंगामें के दौरान अन्य महिलाओं को उनके गले से चेन चोरी होने की जानकारी मिली थी।
इनके गले से गई चेन व मंगलसूत्र
थाने पर शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिलाओं में नामली निवासी गीताबाई पति मोहनलाल पंवार 65 वर्ष, अनुसुइया पति ईश्वरलाल व्यास 68, कंचनबाई पति रघुनाथ तैली 58, बीरजबाई पति रघुनाथ परमार 60, चंदाबाई पति गोर्वधन 70 सुखेड़ा व मंदसौर निवासी रमाबाई पति मोहनलाल सोनी 36 शामिल है। गीताबाई व अनुसुइया के गले से सोने की चेन चोरी गई, जबकि रमाबाई व कंचनबाई व धीरजबाई के गले से मोती व पैंडल वाला मंगलसूत्र चोरी गया है।
संदिग्ध महिला से पूछताछ
धर्मसभा स्थल पर हंगामा मचने के दौरान जिस महिला को पीडि़ताओं सहित अन्य महिलाओं ने ने पकड़ लिया था। उसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, जिस पर थाने से पुलिस आई और संदिग्ध महिला को थाने ले गई। पीडि़ताओं का आरोप था कि उक्त महिला के साथ उसके गिरोह की कुछ अन्य महिलाएं भी मौके पर मौजूद थी, जिनके द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। हंगामा मचने पर वे लोग मौका देखकर यहां से भाग गई है। इससे पूछताछ होगी तो यह सब बता देगी।
गिनती का फोर्स था थाने पर
नामली में चल रही धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। यहां हुई चोरी की घटना के बाद पीडि़ताएं जब थाने पहुंची तो वहां पर गिनती के पुलिसकर्मी मिले। कोई भी अधिकारी वहां पर मौजूद नहीं होने से काफी देर तक पीडि़ताओं को यहां बैठना पड़ा। दरअसल थाने के अधिकारी व फोर्स को जावरा ड्यूटी पर लगाए जाने से अधिकांश स्टाफ वहीं पर था। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी थाने पहुंचे और जांच में जुट गए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो