scriptआज मंदसौर में राहुल करेंगे श्रद्धांजलि सभा | Ratlam Hindi News | Patrika News

आज मंदसौर में राहुल करेंगे श्रद्धांजलि सभा

locationरतलामPublished: Jun 06, 2018 12:20:45 am

Submitted by:

sachin trivedi

कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ किसान आंदोलन की बरसी पर सभा

Patrika

Patrika

रतलाम. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को पिपलिया मंडी में श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करेंगे। वे बीते साल के किसान आंदोलन में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने के साथ ही उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कांग्रेस सभा को सफल बनाने और २ लाख लोगों को जुटाने का दावा कर रही है। सभा में राहुल गांधी के साथ, राष्ट्रीय महामंत्री अशोक गेहलोत, मप्र चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह व अन्य नेता होंगे।
12.30 बजे मंदसौर आएंगे राहुल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दोपहर ११ बजे दिल्ली हवाईअड्डे से मंदसौर के लिए चलेंगे। १२.३० बजे वे मंदसौर हवाईपट्टी पहुंचेंगे। १२.३५ पर वे हेलीकॉप्टर से पिपलियामंडी के लिए रवाना होंगे। १२.५० पर वे ग्राम खोखरा हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां वे सड़क मार्ग से सभा स्थल दोपहर १ बजे पहुंचेंगे। दोपहर १ से अपरान्ह ३ बजे तक वे मृतक किसानों के परिजनों से मुलाकात, कांग्रेस नेताओं से चर्चा और फिर सभा को संबोधित करेंगे। अपरान्ह ३ बजे वे फिर सड़क मार्ग से ग्राम खोखरा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। अपरान्ह ३.१० पर हेलीकॉप्टर से मंदसौर हवाईपट्टी के लिए रवाना होंगे। अपरान्ह ३.२५ पर मंदसौर हवाई पट्टी से पुन: रवाना हो जाएंगे।

सुबह ८ बजे से निकलेंगे जिले के कार्यकर्ता
नामली के पास जिला कांग्रेस का काफिला सुबह करीब ८ बजे रवाना होगा। इसके पहले ७.३० बजे सेजावटा फंटा से शहर का काफिला निकलेगा। सभी नामली से आगे एकसाथ रैली के रूप में मंदसौर के लिए निकलेंगे। सबसे आगे माइक लगा हुआ ट्रक चलेगा। कांग्रेस अध्यक्ष गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो