मध्यप्रदेश के रतलाम में लहसुन की रिकॉर्ड खेती करने वाले किसान अब लहसुन के गिरे हुए दाम से जमकर परेशान हैं। कृषि मंडी में अपनी उपज लेकर पहुंचे किसानों को लहसुन के दाम नहीं मिल रहे हैं। रतलाम की प्रमुख कृषि उपज मंडी में लहसुन की कीमत कमसे कम 300 से अधिकतम 3500 रुपये तक मिल रही है। ऐसे में किसानों की लागत भी नहीं निकल पा रही है। ऐसे में मंगलवार को रतलाम जिले के जावरा कृषि उपज मंडी में अपनी फसल का दाम नहीं मिलने से परेशान होकर एक किसान ने ढोल मंगवा कर फसल के ढेर पर डांस कर अनोखा विरोध दर्ज करवाया है। डांस का वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है।
लहसुन की बुवाई हुई जमकर असल में मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बड़े रकबे में किसानों ने लहसुन की बुवाई की। रतलाम जिले की कृषि उपज मंडी में लहसुन की बंपर आवक इन दिनों सुबह से लेकर देर शाम तक हो रही है। किसानों की माने तो बाजार के महंगे बीज, खाद, दवाई सिंचाई की व्यवस्था के बाद महंगे मजदूरों से लहसुन की हारवेस्टिंग करवाई है, लेकिन अब लहसुन के दाम नहीं मिलने से किसानों की लागत तो दूर मजदूरी के साथ - साथ मंडी तक लहसुन को लाने का भाड़ा भी नहीं निकल पा रहा है। किसानों का एक बीघा में 30 हजार रुपए से अधिक तक का खर्च हो जाता है, लेकिन लहसुन के दाम कम मिलने की वजह से किसानों की लागत भी नहीं निकल पा रही है।