
patrika
रतलाम. मौसम केन्द्र की चेतावनी के बाद मंगलवार अलसुबह से ही उज्जैन संभाग के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। रतलाम में रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया है तो अंडरब्रिज में जलजमाव के कारण सुबह से आवाजाही पूरी तरह बाधित है। वहींं, जिले के जावरा और आलोट क्षेत्र में तेज बारिश के बाद चंबल, शिप्रा और मलेनी नदी मेें बाढ़ के हालात है। कई गांव में छोटी रपटों पर पानी आ जाने के कारण लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। तालाब लबालब भरने के बाद फूटने की कगार पर आ गए है तो बांध के गेट खोले गए।
इन जिलों में आज भारी बारिश की है चेतावनी
मौसम केन्द्र भोपाल से जारी पूर्वानुमान रिपोर्ट में फिलहाल प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, होशंगाबाद, सागर और जबलपुर क्षेत्रों में बारिश जारी बताई गई है। साथ ही 26 अगस्त को इन संभागों के हर जिले में कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश का दौर भी चला। अब 27 अगस्त को केन्द्र ने छतरपुर, दमोह, सतना, रीवा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, जबलपुर, धार, इंदौर, देवास, नीमच, विदिशा, भोपाल, रतलाम, राजगढ़, सागर, गुना और श्योपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
इन जिलों में आज हो सकती है अति भारी बारिश
वहीं, इसी दिन हरदा, बैतूल, होशंगाबाद, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, उज्जैन, बुरहानपुर, सीहोर, रायसेन व मंदसौर में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना बताकर चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटे से प्रदेशभर में जारी बारिश के बाद अगले 24 घंटे भी राहत वाले नहीं होंगे। 27 अगस्त को रतलाम व नीमच में भारी और मंदसौर में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम केन्द्र ने नए पूर्वानुमान की रिपोर्ट में यह चेतावनी जारी की है।
Published on:
27 Aug 2019, 11:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.