निकाय चुनाव की तैयारियों के अंतर्गत दावेदारों से मिलने मप्र युवक कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया व झाबुआ विधायक कांतिलाल भूरिया शहर में थे। इस दौरान एक निजी होटल में डॉ. भूरिया ने संबोधन के दौरान जो तेवर दिखाएं, उसके बाद से कार्यकर्ता सकते में है। भूरिया ने कहा, सभी कहते है पार्टी मां होती है। हर चुनाव में कई दावेदार में से एक को टिकट मिलता है, बाद में कई बागी खड़े होते है। पहले से कह रहा हूं, जिसको मां से गद्धारी करना है, वो अभी कांग्रेस का त्याग करके BJP में चला जाए। जो पार्टी के साथ रहेगा, उसको पुरस्कार मिलेगा, लेकिन जो गद्धारी करेगा, वो यह याद रखें, कही का नहीं रहेगा।
चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक असल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से लेकर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बैठक शनिवार को शहर में थी। इस दौरान दोनों भूरिया कार्यकर्ताओं से रुबरू हुए। डॉ. भूरिया ने कार्यकर्ताओं में ओज लाने वाला भाषण दिया। उनके संबोधन में कई बार तालियां बजी।
रात में विचार करना हम क्यों हारते है झाबुआ विधायक भूरिया ने कहा कि इस बात का विचार रात को जब एकांत में हो, तब जरूर करना। हम पार्षद चुनाव में जितने वोट लेकर आते है, उतने लोकसभा चुनाव में क्यों नहीं आते। उतने विधानसभा चुनाव में क्यों नहीं आते। हर चुनाव को संग्राम की तरह लड़ा जाए। इस दौरान विधायक ने एक - एक दावेदार से पहले सभी के सामने व इसके बाद बंद कमरे में भी मुलाकात की। दावेदारों से मिलवाने के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष यास्मिन शेरानी सहित अन्य उपस्थित रहे। बंद कमरे में मिलने वालों में प्रमुख रुप से युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष प्रभु राठौर आदि शामिल रहे।