scriptरीवा संभाग से 11 लोग तबलीगी जमात में हुए थे शामिल, प्रशासन को खबर नहीं,  लोगों में बना डर | 11 people from Rewa division were involved in Tabligi Jamaat | Patrika News
रीवा

रीवा संभाग से 11 लोग तबलीगी जमात में हुए थे शामिल, प्रशासन को खबर नहीं,  लोगों में बना डर

तबलीगी जमात में शामिल होने वाले संदिग्धों का मेडिकल परीक्षण नहीं, रीवा के आठ और सिंगरौली के तीन लोगों के शामिल होने की सूचना, प्रशासन आधिकारिक सूचना का कर रहा इंतजार

रीवाApr 02, 2020 / 04:44 pm

Balmukund Dwivedi

रीवा. दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात के मरकज में शामिल होने वाले लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए और इसकी भनक प्रशासन को नहीं लगी। अब कई जगह कोरोना पाजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया है। रीवा संभाग से भी 11 लोगों के इसमें शामिल होने की सूचनाएं अलग-अलग माध्यमों से प्रशासन को मिली हैं। इनकी तलाश शुरू कर दी गई है लेकिन अब तक मेडिकल परीक्षण नहीं हो सका है। जिन लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की आशंका है उनके आसपास के लोगों में डर सबसे अधिक है। इसमें रीवा से आठ और सिंगरौली से तीन लोगों के शामिल होने की सूचनाएं मिली हैं। केन्द्र सरकार के आए निर्देश की वजह से प्रशासन स्थानीय स्तर पर सभी जिलों में पड़ताल कर रहा है लेकिन जिस तरह से लोगों इसे लेकर भय बनता जा रहा है, उस तरह से कार्रवाई नहीं हुई है। रीवा से आठ लोगों के शामिल होने की सूचनाएं आई हैं, जिसमें कहा गया है कि छह लोग वापस भी लौट आए हैं और दो अभी भी दिल्ली में ही हैं, जिन्हें वहां की सरकार ने क्वारंटाइन में रखा है।
सप्ताह भर से लोगों के बीच मौजूदगी से हड़कंप
रीवा में प्रशासन को सूचना मिली है कि छह लोग बीते 23 और 24 मार्च को मरकज में शामिल होने के बाद वापस लौट आए हैं। जिसमें घोघर, निपनिया, रौसर आदि स्थानों के लोग हैं। इसमें से कुछ व्यापारी हैं जो शहर में सभी समुदाय के लोगों के बीच रहते हैं, ये लॉकडाउन होने के बावजूद शहर में घूमते हुए देखे गए हैं। दिल्ली का मामला सामने आने के बाद इनके आसपास रहने वालों ने पुलिस को सूचना दी है, पुलिस की ओर से भी फोन पर जानकारी ली गई थी, जिसे फिलहाल ये नकार रहे हैं। मेडिकल परीक्षण के लिए पुलिस ने बुलाया लेकिन ये नहीं पहुंचे, बताया जा रहा है कि दोपहर बाद से ये सभी संदिग्ध अपने घरों से गायब रहे हैं।
सिंगरौली से तीन लोगों पर आशंका
सिंगरौली जिले के प्रशासन को भी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई कि उनके यहां से लोग निजामुद्दीन के मरकज में शामिल होने के बाद वापस लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि मोरवा से दो और जयंत थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति उस कार्यक्रम में गया था। कुछ दिन पहले देवसर से भी दो लोगों के जाने की सूचना है।
रीवा के ये दो अब तक दिल्ली से नहीं लौटे
रीवा में प्रशासन के पास आधिकारिक सूचना आई है कि आबिद अंसारी गुढ़ और ओवैश खान कोष्टा रीवा वर्तमान में दिल्ली में क्वारंटाइन में रखे गए हैं। ये मार्च के दूसरे सप्ताह में दिल्ली गए थे। पुलिस ने इनके परिवार के लोगों से संपर्क किया है और जांच के बिना घर में प्रवेश नहीं देने के लिए कहा गया है।

सभी थानों को अलर्ट
सूचनाएं अलग-अलग माध्यमों से आ रही हैं, जिनकी जांच में पता चल रहा है कि संबंधित लोग दिल्ली नहीं गए थे। दो लोगों की आधिकारिक जानकारी आई है, जिनके परिवार के लोगों से संपर्क किया गया है। इस घटनाक्रम को लेकर सभी थानों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
आबिद खान, एसपी रीवा

Home / Rewa / रीवा संभाग से 11 लोग तबलीगी जमात में हुए थे शामिल, प्रशासन को खबर नहीं,  लोगों में बना डर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो