scriptधुआं बनकर उड़ गया 66 क्विंटल गांजा, जानिए कैसे पुलिस ने कराया नष्ट | 66 quintals of smoke have been smoked, know how the police destroyed | Patrika News

धुआं बनकर उड़ गया 66 क्विंटल गांजा, जानिए कैसे पुलिस ने कराया नष्ट

locationरीवाPublished: Aug 31, 2019 09:18:14 pm

Submitted by:

Shivshankar pandey

संभाग के चारों जिलों में जब्त गांजा का सतना स्थित प्रिज्म सीमेंट फैक्ट्री में कराया गया नष्टीकरण

patrika

66 quintals of smoke have been smoked, know how the police destroyed

रीवा। संभाग के विभिन्न जिलों में जब्त गांजा के नष्टीकरण की कार्यवाही शनिवार को पुलिस ने पूरी कराई है। पुलिस ने थानों में जब्त गांजा को सीमेंट फैक्ट्री की चिमनी में नष्ट कराया है। खुद अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को पूर्ण कराया है। जानकारी के अनुसार रीवा संभाग के चारों जिलों में जब्त गांजा को विभाग ने नष्ट कराया है।
संभाग के चारों जिलों में जब्त था गांजा
संभाग के 41 प्रकरणों में 66 क्विंटल 14 किलो गांजा जब्त था जो थानों के मालखानों में भरा हुआ था। इनमें सबसे ज्यादा सतना के 18, रीवा 9, सीधी 8 व सिंगरौली के 6 प्रकरण शामिल थे। इन सभी प्रकरणों में जब्त गांजा को नष्ट करवाने के लिए आईजी चंचल शेखर ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया था। करीब डेढ़ माह तक विभागीय अधिकारी उक्त प्रक्रिया को पूर्ण करने में लगे। ट्रकों में गांजा की खेप को लोड करके फैक्ट्री परिसर लाया गया था जिसे बाद में नष्ट कराया गया। थानों में जब्त गांजा पुलिसकर्मियों के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
चोरहट थाने में जब्त था सर्वाधिक गांजा
सबसे ज्यादा चोरहटा थाने में 19 क्विंटल व 10 क्विंटल गांजा मालखाना में रखा हुआ था। ऐसे में पुलिसकर्मियों को जहां एक ओर गांजा की दुर्गंध का सामना करना पड़ता था तो दूसरी ओर पुलिसकर्मियों के सामने जब्ती का दूसरा माल रखने की भी समस्या उत्पन्न हो गई थी। यह समस्या जब आईजी के समक्ष आई तो उन्होंने गांजा को नष्ट करवा दिया।
तीन घंटे में नष्ट हुआ 66 क्विंटल गांजा
पूरे संभाग में जब्त गांजा की खेप को सतना जिले के मनकहरी स्थित प्रिज्म सीमेंट फैक्ट्री के प्लांट में लाया गया था। करीब 66 क्विंटल गांजा को नष्ट करने में तीन घंटे का समय लगा। उसे फैक्ट्री की चिमनी में डालकर नष्ट किया गया ताकि उसके धुएं से आसपास का वातावरण प्रदूषित न हो। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी भी उपस्थित रहे जो पूरी प्रक्रिया पर नजर रखे हुए थे।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
गांजा नष्टीकरण के दौरान आईजी चंचल शेखर, डीआईजी अविनाश शर्मा, शहडोल डीआईजी पीएस उइके, एसपी आबिद खान, सतना एसपी रियाज इकबाल, उप पुलिस अधीक्षक नम्रता सोंधिया, शिखा सोनी, आरएस परिहार क्षेत्रीय कार्यालय म.प्र. प्रदषण नियंत्रण बोर्ड रीवा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गांजा प्रकरणों में जब्त वाहनों की होगी नीलामी
गांजा नष्टीकरण के बाद अब विभाग इन मामलों में जब्त वाहनों की भी नीलामी की तैयारी कर रहा है। संभाग के चारों जिलों में गांजा तस्करी में लगभग आधा सैकड़ा से अधिक वाहन जब्त है जिसमें फोरव्हीलर, ट्रक शामिल है। उक्त वाहन थानों में सड़ रहे है जिनको नीलाम करने की तैयारी विभाग कर रहा है। उक्त प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने की तैयारी विभाग कर रहा है।
पूरी कराई गई नष्टीकरण की प्रक्रिया
संभाग के चारों जिलों में जब्त 66 क्विंटल 14.229 किलो गांजा को नष्ट कराया गया है। यह गांजा 41 प्रकरणों में जब्त था जिसे प्रिज्म सीमेंट फैक्ट्री के प्लांट में नष्ट करवा दिया गया है। इसके बाद अब गांजा प्रकरणों में जब्त वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण कराई जायेगी।
चंचल शेखर, आईजी रीवा

ट्रेंडिंग वीडियो