scriptगला घोंटकर युवक को उतारा मौत के घाट, स्कूल में मिला शव | A youth was strangled to death by strangling, dead body was found in | Patrika News

गला घोंटकर युवक को उतारा मौत के घाट, स्कूल में मिला शव

locationरीवाPublished: Jun 02, 2020 10:38:18 pm

Submitted by:

Mahesh Singh

सोहागी थाने के सोनवर्षा गांव में हुई घटना, पुलिस मौके पर पहुंची, दो आरोपी गिरफ्तार
 

A youth was strangled to death by strangling, a dead body was found in school

A youth was strangled to death by strangling, a dead body was found in school


रीवा. गला घोंटकर युवक की हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह स्कूल में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। युवक की हत्या अवैध संबंधों को लेकर हुई थी और घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना सोहागी थाने के सोनवर्षा गांव की है।
यहां स्थित शासकीय स्कूल में मंगलवार की सुबह युवक का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक के गले में निशान बने हुए थे जिससे उसकी गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई। युवक की पहचान जगमोहन हरिजन पिता मोहनलाल (25) निवासी डीही के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए।
युवक सोमवार की शाम घर से निकला था जिसके बाद वह लापता हो गया। रात में वह लौटकर नहीं आया तो परिजनों ने उसको खोजना शुरू कर दिया। पूरे गांव में उसकी तलाश की लेकिन युवक का पता नहीं चला। सुबह उसका शव बरामद हो गया। उसकी रात में ही हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
अवैध संबंधों को लेकर हुई हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
इस घटना के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो भांजे हरिशंकर साकेत ने साथी विपिन साकेत निवासी बलुआ के साथ मिलकर युवक की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसका अपनी मामी के साथ अवैध संबंध था जिसकी जानकारी पति को हो गई थी। इस बात को लेकर युवक का पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता था। चार दिन पूर्व जब भांजा घर पहुंचा तो युवक का उससे भी विवाद हुआ था। इस बात को लेकर उसने इस सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया है।
चार दिन पूर्व बनाई थी योजना
भांजे ने चार दिन पूर्व युवक की हत्या करने फैसला कर लिया था और उसकी हत्या की साजिश रचने लगा। उसने अपने साथी विपिन साकेत को भी इस साजिश में शामिल किया। योजना के मुताबिक दोनों सोमवार की शाम बाइक से गांव आए और विपिन युवक को शराब पीने के बहाने अपने साथ बुला लाया। उस समय युवक मजदूरी करके लौट रहा था। तीनों ने बैठकर जमकर शराब पी। योजना के मुताबिक आरोपियों ने युवक को काफी शराब पिला दी जिससे वह नशे की हालत में अचेत हो गया। उसके बाद आरोपियों ने युवक की गला घोंंटकर हत्या की और वहां से फरार हो गए।
अन्य संदिग्धों की भी चल रही जांच
प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है जिनको घटना के संबंध में पूरी जानकारी थी। पुलिस इस हत्याकांड में उनकी भूमिका का पता लगा रही है। पुलिस को आरोपियों से अहम जानकारियां लगी है। जांच में पुलिस उनको भी नामजद कर सकती है।
————————-
युवक की गला घोंटकर हत्या की गई थी जिसका शव स्कूल में मिला था। हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी मृतक का भांजा है जिसका अपनी भाभी से अवैध संबंध था। चार दिन पूर्व युवक का भांजे से विवाद हुआ था और इसी बात को लेकर उसने हत्या कर दी। घटना की जांच की जा रही है। जांच में जिन लोगों के भी नाम सामने आऐंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी।
नवीन दुबे, एसडीओपी त्योंथर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो