scriptसमझौते नहीं करने वाली आम आदमी पार्टी कुछ नेताओं के लिए छोड़ेगी सीट | Aam Aadmi party madhypradesh, rewa news | Patrika News

समझौते नहीं करने वाली आम आदमी पार्टी कुछ नेताओं के लिए छोड़ेगी सीट

locationरीवाPublished: Jun 14, 2018 12:36:15 pm

Submitted by:

Mrigendra Singh

प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा जनता का विकल्प बनेगी उनकी पार्टी
 

rewa

Aam Aadmi party madhypradesh, rewa news

रीवा। आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा है कि प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, साथ ही भाजपा और कांग्रेस से किसी तरह का कोई गठबंधन नहीं होगा. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए दिल्ली की तर्ज पर घोषणा पत्र तैयार किया जा रहा है यहां भी दिल्ली मॉडल पर ही तेजी के साथ विकास कराया जाएगा . उन्होंने दावा किया कि आगामी जुलाई महीने के अंत तक प्रदेश के हर बूथ तक उनका संगठन विस्तारित कर दिया जाएगा ताकि चुनाव के समय बेहतर प्रबंधन किया जा सके.
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी मध्यप्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा या कांग्रेस से समझौता किसी हालत में नहीं किया जा सकता। पार्टी की प्रदेशभर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा, दूसरे क्षेत्रीय दल इतने सशक्त नहीं हैं जिनसे समझौता किया जा सके लेकिन कुछ स्थानों पर समर्थन जैसी गुंजाइश भी पार्टी ने छोड़ रखी है।
यदि अच्छा प्रत्याशी किसी सीट पर आता है तो उसका समर्थन किया जा सकता है। इसमें भाजपा का समर्थन तो किसी हाल में नहीं हो सकता क्योंकि वह 15 वर्ष से सत्ता में है और पूरे प्रदेश की स्थिति बदहाल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार में गरीबों का भला नहीं कर रही है बल्कि पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। हाल ही में सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़े पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार स्वयं मान रही है कि प्रदेश में 43 लाख घरों तक बिजली अभी नहीं पहुंची है। इस सरकार के जाने का समय आ गया है।

25 को जारी होगी पहली सूची
रीवा पहुंचे आलोक अग्रवाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आगामी 25 जून को पार्टी के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जाएगी। जिसमें करीब 50 सीटों पर प्रत्याशियों का नाम तय करने की कवायद चल रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी आम आदमी पार्टी काम करेगी। सैकड़ा भर विषय विशेषज्ञों की टीम घोषणा पत्र बनाने का काम कर रही है, जिसमें बताया जाएगा कि किस तरह सस्ती बिजली, सस्ती शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ ही अन्य मूलभूत सुविधाएं कैसे प्रदान करेंगे।
भाजपा को हटाने जनता ने मन बना लिया
आप नेता ने कहा कि प्रदेश से भाजपा को हटाने के लिए जनता ने मन बना लिया है। अब विकल्प के रूप में किसे चुनना है यह तय नहीं कर पा रही है। इस कारण जल्द ही पार्टी घोषणा पत्र जारी कर जनता को विकल्प देगी। कांग्रेस की वापसी की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि लोगों ने शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार को हटाने का मन बना लिया था, भाजपा भी उनकी उम्मीदों के लायक नहीं थी। इस कारण आम आदमी पार्टी को चुना। वही प्रक्रिया मध्यप्रदेश में भी दोहराई जाएगी।

जन जागरण यात्रा में हुए शामिल
पार्टी द्वारा निकाली जा रही जनजागरण यात्रा में भी आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल सहित अन्य नेता शामिल हुए। सिरमौर में भी कार्यकर्ताओं को उन्होंने संबोधित किया। अंतरैला में पार्टी ने बड़ी सभा का आयोजन किया था। इस दौरान करीब दर्जन भर से अधिक की संख्या में लोगों ने पार्टी ज्वाइन किया। जिसमें सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो