scriptदेर रात बस की छत पर लेटे कंडक्टर पर तेजाब से हमला, जानिए बदमाशों का क्या था इरादा | Acid attack on bus conductor | Patrika News

देर रात बस की छत पर लेटे कंडक्टर पर तेजाब से हमला, जानिए बदमाशों का क्या था इरादा

locationरीवाPublished: Aug 22, 2019 12:31:10 am

Submitted by:

Balmukund Dwivedi

सिविल लाइन थाने के छोटी पुल के समीप हुई घटना, पुलिस ने करंट से जलने की दी जानकारी

Acid attack on bus conductor

Acid attack on bus conductor

रीवा. संदिग्ध परिस्थितियों में बस कंडेक्टर मंगलवर की रात बुरी तरह झुलस गया। उसने अस्पताल में लूट में नाकाम बदमाशों के द्वारा तेजाब से जलाने की जानकारी देकर सनसनी फैला दी। वहीं पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जलने की जानकारी दी है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है।
मारपीट कर लूटने का प्रयास
घटना सिविल लाइन थाने के छोटी पुल के पास की बताई जा रही है। खुशी ट्रेवल्स की यात्री बस का परिचालक सुनील तिवारी निवासी दुलहरा थाना सिरमौर मंगलवार की रात छोटी पुल के समीप खड़ी बस के ऊपर लेटा हुआ था। इसी दौरान रात में वह बुरी तरह झुृलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे देररात उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उसने लूट में नाकाम बदमाशों के द्वारा तेजाब से जलाने की जानकारी दी। घायल का कहना था कि वह बस की छत में लेटा था तभी रात में तीन की संख्या में युवक आए और मारपीट कर उसको लूटने का प्रयास किया। जब बदमाशों को कुछ नहीं मिला तो उन्होंने उसके ऊपर तेजाब डाल दिया। इस घटना की बुधवार की सुबह पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली जिस पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह रात में बस की छत में सो रहा था तभी ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया था। तेज धमाका हुआ था और वह बस से नीचे गिर गया। युवक तेजाब से जला था या फिर करंट से झुलसा है इसका पुलिस पता लगा रही है।
बर्न यूनिट में कराया गया भर्ती, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
उक्त युवक का इलाज संजय गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में चल रहा है। युवक के शरीर में जलने के निशान किससे है इस संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस फिलहल चिकित्सकों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही पूरा मामला सामने आएगा। पुलिस ने बुधवार को सीएमओ से उक्त युवक के बयान भी दर्ज कराए है।
घटना की जांच की जा रही है
शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी सिविल लाइन ने बताया कि बस कंडेक्टर को झुलसने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में युवक के बयान दर्ज कराए गए है। घटनास्थल में उसके हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से जलने की जानकरी मिली है। घटना की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आऐंगे उस आधार पर कार्रवाई की जायेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो