रीवा

लॉकडाउन 3.0 का पहला दिन : बाजार खुलते ही तफरी करने वालों की उमड़ी भीड़, दुकानें रही खाली

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने व्यापारी रहे परेशान, मास्क लगाने समझाइश देती रही पुलिस

रीवाMay 05, 2020 / 06:19 pm

Anil singh kushwah

Wholesale business in mandis, vegetables will be sold in bags

रीवा. लॉकडाउन 3.0 के पहले दिन बाजार खुलने से शहर में चहल-पहल बढ़ गई। कई जगह भीड़ भी नजर आई, हालांकि मुख्य बाजार में उस तरह की रौनकता नहीं दिखी, जैसे सामान्य दिनों में हुआ करती थी। व्यापारियों के साथ ही आम लोगों में असमंजस की स्थिति बनी रही। कपड़ा, बर्तन एवं सराफा एवं अन्य दुकानें दोपहर तक खुलीं।
ग्राहक का इंतजार करते रहे व्यापारी
कलेक्टर के आदेश में इनके लिए अलग से कोई दिशा निर्देश नहीं थे। दुकानेंं गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य बाजार तक में अधिकांश खुली, लेकिन कई ऐसी भी दुकानें रहीं जहां सायं तक ग्राहकों का इंतजार करने के बाद मायूष होकर व्यापारी घर को लौटे। सुबह से लेकर दोपहर तक कम संख्या में लोग बाजार में दिखे, दोपहर बाद से सायं तक लोगों की कई जगह भीड़ नजर आई।
व्यापारियों और पुलिस में नोकझोंक
शहर के मुख्य बाजार शिल्पी प्लाजा में कई व्यापारियों और उनके कर्मचारियों द्वारा मास्क नहीं लगाया गया था। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। बड़़ी दुकानों के बावजूद सेनिटाइजर नहीं रखा गया था। इस पर कुछ पुलिसकर्मियों ने ऐसा नहीं करने की वजह पूछी तो व्यापारियों ने उन पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि अनाधिकृत रूप से परेशान किया जा रहा है। इसकी शिकायत अधिकारियों से भी की, जहां से कहा गया कि नियमों का पालन तो करना ही होगा।
प्रतिबंध के बावजूद शॉपिंग माल खोले गए
प्रशासन ने सिनेमा हॉल, शॉपिंग काम्प्लेक्स, मॉल, स्वीमिंग पूल, पार्क, जिम आदि के खोलने पर प्रतिबंध जारी रखा है। इसके बावजूद शहर में कई जगह शॉपिंग मॉल खोले गए। उर्रहट में विशाल मेगा मार्ट और बरा में बाजार इंडिया को खोला गया था। हालांकि यहां पर बहुत कम संख्या में ही लोग पहुंचे। इसी तरह अन्य कई जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानें खुली रहीं, इन पर कार्रवाई के लिए प्रशासन का कोई नुमाइंदा नहीं पहुंचा।
सैलून की मांग कई जगह से उठी
हेयर कटिंग सैलून की दुकानों को प्रतिबंधित किया गया है। आशंका है कि इससे कोरोना संक्रमण तेजी के साथ बढ़ सकता है। शहर के मोहल्लों से लेकर बाजार क्षेत्र तक लोगों ने इसकी आवश्यकता पर जोर दिया है। लोगों ने कहा है कि सेनिटाइजर एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्था के साथ इन्हें खोलने की अनुमति दी जाए।
प्रशासन की टीम निरीक्षण में नहीं निकली
लॉकडाउन में ढील दिए जाने के चलते करीब 70 फीसदी शहर की दुकानें खुल गई हैं। इनकी निगरानी के लिए प्रशासन की टीम भ्रमण पर नहीं निकली। पुलिस वालों ने कुछ जगह लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर टोका। साथ ही ऑटो टैक्सी प्रतिबंध के बाद भी चला रहे कई लोगों पर कार्रवाई की गई है। बताया गया है कि कलेक्टर ने लॉकडाउन में ढील देने की शर्तों का पालन कराने के लिए सभी संबंधित एसडीएम को अधिकृत किया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.