घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार शाम नईगढ़ी थाना क्षेत्र से दो मासूम भाइयों का अपहरण हो गया था। काफी खोज बीन के बाद बच्चों के माता-पिता ने नईगढी पुलिस को इसकी सूचना दी। मासूम बच्चों के अपहरण की सूचना मिलते ही एसपी राकेश कुमार सिंह ने एएसपी मऊगंज विजय डावर के नेतृत्व में एसडीओपी मऊगंज शैलेंद्र शर्मा थाना प्रभारी नईगढ़ी मनोज गौतम, साइबर सेल प्रभारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित क। टीम तत्काल अपहृत बच्चों की तलाश में जुट गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने सरोज साहू नामक महिला को कटरा पहाड़ से पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह बच्चों की चाची है। उसे हिरासत में लेकर जब पूछताछ बढ़ाई गई तो अपहरण का राज खुल गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों मासूमों को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मझगवां निवासी सरोज साहू नाम की महिला ने अपने जेठ के बेटों 10 वर्षीय अनुपम और 6 वर्षीय गोलू का अपरहण कर लिया था। इसके बाद स्वजनों ने इसकी सूचना नईगढ़ी पुलिस को दी थी। पकड़ी गई महिला के पास से पुलिस ने 11 मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला हिस्ट्रीशीटर है। वह अपने पहले पति की हत्या भी कर चुकी है। यह उसकी दूसरी शादी है। पुलिस का कहना है अभी महिला से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद पता चलेगा कि महिला ने बच्चों का अपहरण क्यों किया था।