जानिए, भाजपा विधायक ऐसा क्या बोले, जब संविदा कर्मचारियों ने सरकार उखाड़ फेकने की दी धमकी
मंत्री, सांसद और विधायक की चौखट पर सरकार को जगाने घंटी बजाने कार्यक्रम के तहत पहुंचे संविदा कर्मचारी ने महामृत्युंजनय मंदिर परिसर में किया सुंदरकांड

रीवा. मध्य प्रदेश संविदा कर्मचारी-अधिकारी महासंघ नियमतीकरण को लेकर प्रदर्शन का अनूठा कार्यक्रम शुरू कर दिया है। लामबंद संविदा कर्मचारी घंटी बजाओ-सरकार को जगाओ कार्यक्रम के तहत शनिवार को संविदा कर्मचारियों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए महामृत्युंजय मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया। सुंदरकांड में सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह भी शामिल हुए। पाठ खत्म होने के बाद संविदा कर्मचारियों ने विधायक को मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन देकर नियमतीकरण की मांग उठाई।
महामृत्युंजय मंदिर परिसर में किया सुंदरकांड का पाठ
मध्य प्रदेश संविदा अधिकारी महासंघ की अगुवाई में विभिन्न विभागों के संविदा कर्मचारी लामबंद होकर विधायक दिव्यराज सिंह की चौखट पर पहुंचे। इसके पहले कर्मचारियों ने मंदिर परिसर पर माथा टेका और सुंदरकाण्ड का पाठ किया। कर्मचारियों के आग्रह पर विधायक भी शामिल हुए। कर्मचारियों ने विधायक को सुंदरकांड की किताब और ज्ञापन सौंपाते हुए कहा कि भाजपा सरकार संविदा कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है। वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी नियमतीकरण नहीं किया जा रहा है। इस लिए सरकार जगाओ कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह सिलिसिला नियमतीकरण होने तक जारी रहेगा।
आज सांसद की चौखट पर बजाएंगे घंटी
मांगों को लेकर लामबंद विभिन्न विभागों के संविदा अधिकारी-कर्मचारी सरकार को जगाने के लिए मंत्री, विधायक और सांसद की चौखट पर घंटी बजाएंगे। संघ के जिलाध्यक्ष एके पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह १० सांसद जर्नादन मिश्र की चौखट पर कर्मचारी घंटी बजाएंगे और ज्ञापन सौंपेगे।
ये हैं प्रमुख मांगे
संविदा कर्मचारियों के नियमतीकरण की नीति लागू की जाए।
विभिन्न विभागों की समाप्त संविदा का संविलियन।
डीडीसी सपोर्ट सेवाएं जारी रखी जाए।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत संविदा कर्मचारियों-अधिकारियों को समान वेतनमान लागू किया जाए।
तीन लाख पद खाली पड़े हैं, 2018 तक एक लाख और रिटायर्ड हो जाएंगे। खाली पदो पर संविदा कर्मचारियों का संविलियन किया जाए।

विधायक दिव्यराज बोले मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे आप की आवाज
मांगे पूरी नहीं होने पर संविदा कर्मचारी पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ विधानसभा के चुनाव में उतरेंगे। ज्ञापन की औपचारिकता पूरी करने के बाद विधायक ने भी माना कि संविदा कर्मचारियों के साथ गलत हुआ है। उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री तक आप की आवाज को पहुंचाएंगे। ज्ञापन के दौरान डॉ संजय सिंह, अशोक शुक्ला, मुकेश द्विवेदी, योगेन्द्र पांडेय, बसंतलाल पटेल, नागेन्द्र सिंह, दीपू, विजय त्रिपाठी, भोला पटेल, राजकुमार शुक्ला, नीतू सिंह, प्रीति द्विवेदी, सुनीता शुक्ला, नेहा सिंह, संदीप शुक्ला, सुमन अग्निहोत्री, कमलेश पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में संविदा कर्मचारी शामिल रहे।
अब पाइए अपने शहर ( Rewa News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज