रैली निकालकर फिर मोदी सरकार बनाने का लिया संकल्प, कहा-देश की समृद्धि के लिए मोदी जरूरी
रीवा के विवेकानन्द पार्क से रीवा विधानसभा की विजय संकल्प बाइक रैली को महापौर ममता गुप्ता, प्रबोध व्यास एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री गौरव तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया

रीवा. भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी विजय संकल्प बाइक रैली निकाली गई। रीवा जिले के सभी विधानसभा मुख्यालयों से रैली रवाना की गई। रीवा नगर के विवेकानन्द पार्क से रीवा विधानसभा की विजय संकल्प बाइक रैली को महापौर ममता गुप्ता, प्रबोध व्यास एवं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री गौरव तिवारी ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसमें युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, पार्षद एवं पदाधिकारी सहित नेतागण सम्मिलित हुए। बाइक रैली नगर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर पार्टी कार्यालय अटलकुंज ढेकहा में समाप्त हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव ने रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा एवं स्वाभिमान के लिए फिर मोदी सरकार बनाने का संकल्प लेना है। भाजपा की विजय संकल्प रैली में प्रत्येक मतदान केन्द्र से पांच-पांच कार्यकर्ता बाइक लेकर पहुंंचे और उन्होंने विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी भाजपा युवा मोर्चा को सौपी गई थी।
किसानों के साथ छल कर रही कांग्रेस सरकार
त्योथर विधानसभा की बाइक संकल्प रैली चाकघाट से प्रारम्भ हुई जिसे सांसद जर्नादन मिश्र ने झण्डी दिखाकर रवाना किया और बाइक पर सवार होकर रैली में सम्मिलित हुए। रैली विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए त्योथर पहुंची जहां समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए सांसद जर्नादन मिश्र ने कहा कि जो 55 वर्षो तक कुछ नहीं कर सके आज 55 महीने पर सबाल उठा रहे हैं। 55 महीनों में जो काम हुआ है वह 55 वर्ष पर भारी है। सांसद ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का भी आरोप लगाया और कर्जमाफी को छलावा बताया। इस दौरान विधायक श्यामलाल द्विवेदी भी मौजूद रहे।

देश की समृद्धि के लिए मोदी आवश्यक
विधायक दिव्यराज सिंह ने सिरमौर विधानसभा में डभौरा से शुरू हुई विजय संकल्प बाइक रैली के साथ चलते हुए सिरमौर पहुंचे जहां पर रैली का समापन हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को उन्हें पुन: प्रधानमंत्री बनाने जुट जाना है। वहीं सेमरिया विधानसभा की विजय संकल्प बाइक रैली सेमरिया से प्रारम्भ होकर बनकुइया में समाप्त हुई। रैली को विधायक केपी त्रिपाठी ने संबोधित किया। इस दौरान सैकड़ों युवा रैली में शामिल हुए।
अब पाइए अपने शहर ( Rewa News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज