शर्मा ने कहा कि रीवा के नेतृत्व ने जो विकास किया है, वह अनुकरणीय है। अभी राजेन्द्र शुक्ल ने जानकारी दी कि रीवा मेंं देश का तीसरा रिवर फ्रंट बनने जा रहा है। विकास के मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा। इस चुनाव में विकास के मुद्दे को लेकर ही उतरेंगे। रीवा को और अच्छा बनाना भाजपा का संकल्प है। उन्होंने विधायक गिरीश गौतम के विस अध्यक्ष बनने पर विंध्य के लोगों को बधाई भी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में गुजरात में जिस प्रकार भाजपा को विजय मिली है, उससे कांगेस व दिग्विजय सिंह को हार का डर सता रहा है। इसीलिए उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि चुनाव वैलेेट पेपर से हों। उन्होंने पूर्व सीएम कमलनाथ को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि कमलनाथ यह तो मानते हैं कि भाजपा कार्यकर्ता कितने सशक्त हैं। इसीलिए उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमजोर नहीं मानें।
देश को अस्थिर करना चाहते हैं कुछ लोग
कृषि कानून पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कृषि बिल पर सरकार बहस के लिए तैयार है, पर आप कोई संशोधन तो बताओ। किसान आंदोलन पर उन्होंने कहा कि योगेन्द्र यादव जैसे कुछ लोग हैं जो देश को अस्थिर करना चाहते हैं। जबकि मोदी ने किसानों को अपनी उपज की कीमत तय करने का अधिकार दिया है। लेकिन उनको गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन अनुशासन के साथ होना चाहिए, अराजकता नहीं हो।
आगे विंध्य के लिए अच्छा निर्णय
सरकार में विंध्य की उपेक्षा के सवाल पर कहा कि मप्र को बचाने के लिए परिस्थिति के अनुरूप निर्णय लिया गया है। जो साथी जनमत लेकर आए उनको स्थान मिला, आगे विंध्य के लिए अच्छा निर्णय होगा। विंध्य प्रदेश बनाने के मुद्दे पर कहा कि यह स्थानीय विधायकों का अपना मत है।
चुनाव जीतना जरूरी, एज का फैक्टर नहीं
शर्मा ने कहा कि हम समन्वय बनाकर काम करते हैं। निकाय चुनाव जीतना जरूरी है, एज का कोई फैक्टर व क्राइटेरिया नहीं है। नए परिवेश के अनुसार निर्णय लेते हैं, इसीलिए पार्टी व संगठन मजबूत है।