जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के मनवाही गांव निवासी परगास शुक्ला, घर के पास बनी अहरी में सो रहे थे। इस बीच रात में कुछ बदमाश पहुंचे और परगास से मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं बदमाश परगास को उठा ले गए। इसकी जानकारी और घर व आसपास के लोगों को सुबह हुई।
परगास के लापता होने का पता चलते ही घरवालों ने आसपास उसकी तलाश की मगर उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों और ग्रामीणों ने खेत में भी उसे खोजा। इस बीच लोगों की निगाह उस स्थान पर पड़ी जहां वो सो रहे थे। लोगों को मारपीट होने का शक हुआ।
लोगों ने जब घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में झांक कर देखा तो परगास की लाश उतराती दिखी। ऐसे में परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुन कर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने कुए से मृतक का शव निकलवा और पीएम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि परगास खुद कुएं में नहीं गिरे बल्कि रंजिशन उनकी हत्या कर कुएं में फेंक दिया गया। परिजनों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व पड़ोसी गांव मझियार के सजल सिंह ने परगास शुक्ला से मारपीट की थी। बताया जाता है कि इस मामले की रिर्पोट परगास शुक्ला ने थाने में र्दज करवाई थी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपी को पकडने के लिए दबिश देना शुरू किया। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। ऐसे माना जा रहा है कि रंजिशन आरोपी ने हत्या कर दी होगी।