सबसे छोटी और बड़ी कार्रवाई सतना में
लोकायुक्त ईकाई रीवा ने सबसे ज्यादा घूसखोर रीवा और दूसरे नंबर पर सतना में पकड़े हैं। सबसे छोटी राशि 100 रुपए और सबसे बड़ी रकम एक लाख रुपए लेते सतना के अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए हैं। बीते साल दिसम्बर में धान खरीदी केंद्र त्योंधरी के ऑपरेटर को 100 रुपए और कुछ दिन बाद चित्रकूट नगर पालिका के सीएमओ एक लाख रुपए लेते हुए पकड़ा था।
भ्रष्टाचार में राजस्व विभाग आगे
राजस्व: सात माह में सबसे ज्यादा राजस्व विभाग के 10 अधिकारी-कर्मचारी घूस लेते पकड़े गए हैं। तहसीलदार से लेकर आरइ-पटवारी जमीनों के सीमांकन, नाप-जोख, खसरा-नक्शा की नकल आदि के नाम पर रिश्वत लेते पकड़े गए हैं। इसके बाद घूसखोरी में वन, पंचायत और पुलिस विभाग का नंबर है। घूस लेने में बिजली, शिक्षा, चिकित्सा विभाग के कर्मचारी भी पीछे नहीं हैं।
घूसखोरों ने अपने विभाग के कर्मचारियों को भी नहीं छोड़ा
घूसखोरों ने अपने साथ काम करने वालों को भी नहीं छोड़ा। बीते सात माह में लोकायुक्त संगठन की कार्रवाई में ऐसे चार मामले रहे जहां फरियादी सरकारी कर्मचारी रहे। 13 दिसम्बर 2021 को रीवा के मनिकवार कॉलेज का प्रिसिंपल अपने ही संस्थान के भृत्य से 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया था। रीवा में 12 अप्रेल को पेट्रोल पंप की एनओसी के लिए पुलिस उप निरीक्षक से 10 हजार घूस लेते हुए जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी धरा गया था। सतना में 29 जून को हॉस्टल वार्डन से 20 हजार की रिश्वत लेते हुए जिला शिक्षा केंद्र के परियोजना समन्वयक के हाथ रंग गए थे।
फैक्ट
राजस्व विभाग 10
वन 05
पंचायत 04
नगरीय निकाय 04
पुलिस 04
बिजली 03
शिक्षा 02
चिकित्सा 01
महिला बाल विकास 02
फूड, सहकारी आदि 11
6.22 लाख रु. लेते 46 अधिकारी-कर्मचारी गिरफ्तार
दिसम्बर 2021 से जून 2022 तक लोकायुक्त इकाई रीवा ने रीवा में सर्वाधिक 18, सतना में 7, सिंगरौली में 6, शहडोल में 4, सीधी में 2 व उमरिया में एक ट्रेप की कार्रवाई की है। कुल 38 ट्रेप कार्रवाई में 46 सरकारी अधिकारी-कर्मचारी 6 लाख 22 हजार 200 रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किए गए। इसमें पांच महिला लोकसेवक भी शामिल हैं। बड़े अधिकारियों में सिंगरौली की जिला आयुष अधिकारी, रीवा का जिला खाद्य अधिकारी, जवा जनपद सीइओ, रीवा में कॉलेज प्रिंसिपल, नईगढ़ी नायब तहसीलदार, शहडोल में रेंजर सहित अन्य पकड़े गए। गिरफ्तार होने से पहले कई मामलों में रिश्वत की रकम ली जा चुकी थी।
विभागवार पकड़े गए घूसखोर
38 ट्रेप कार्रवाई बीते सात माह में लोकायुक्त इकाई रीवा ने की है। 46 लोकसेवक रंगेहाथ घूस लेते पकड़े गए। 05 महिला लोकसेवक रिश्वत लेती पकड़ी गईं। 6.22 लाख रुपए रिश्वत की जब्त रकम।
ट्रेप कार्रवाई में रीवा इकाई पहले स्थान पर है। शिकायत मिलने पर फौरन तस्दीक की जाती है और आरोपी को ट्रेप किया जाता है। लोगों को भी भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए आगे आना चाहिए।
-गोपाल सिंह धाकड़, लोकायुक्त एसपी रीवा