scriptलैपटॉप खरीदो, खूब पढ़ाई करो…खर्चा उठाएगी सरकार | Buy a laptop, do studies ... government will take the expense | Patrika News

लैपटॉप खरीदो, खूब पढ़ाई करो…खर्चा उठाएगी सरकार

locationरीवाPublished: Jul 21, 2018 12:03:48 pm

Submitted by:

Dilip Patel

प्रतिभशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन समारोह में बोले उद्योगमंत्री,कृष्णा राज क पूर ऑडिटोरियम में हुआ समारोह, संभाग भर से शामिल हुए सोलह सौ मेधावी

Buy a laptop, do studies ... government will take the expense

Buy a laptop, do studies … government will take the expense

रीवा। लैपटॉप आज की आवश्यकता है। यह आपके पास है तो पूरी दुनिया आपकी मुठ्ठी में है। सरकार की मंशा है कि मेधावी के हाथ में लैपटॉप हो। जिससे वह दुनिया के बुद्धिकौशल को जान और समझ सकें। पढ़ाई खूब करिए। 75 फीसदी के अधिक अंक लाइए। सरकार खर्चा उठाएगी। यह बातें मुख्य अतिथि उद्योगमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन समारोह में कहीं। इसके साथ ही मंच से प्रत्येक जिले के दो-दो मेधावियों को लैपटॉप क्रय करने के लिए पच्चीस हजार के चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए।

प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन समारोह कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। समारोह में रीवा संभाग के सतना, सीधी, सिंगरौली और रीवा जिले से करीब सोलह सौ मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के इन छात्र-छात्राओं ने बारहवीं की परीक्षा में 75 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं। मेधावियों से खचाखच भरे ऑडिटोरियम में समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि गरीब छात्र भी अब मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित अन्य बड़े कोर्सो की पढ़ाई कर सकता है। इसके लिए उसे 75 फीसदी अंक लाने होंगे। साथ ही पिता की आय छह लाख रुपए वार्षिक से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेधावियों को नसीहत भी दी कहा कि ऊंचाइयोंं पर पहुंचना आसान है लेकिन ऊंचाई पर बने रहना मुश्किल है। लैपटॉप की राशि और यह सम्मान हौसला बढ़ाने के लिए है। आगे मेहनत और लगन से ही मंजिल हासिल होगी, यह मत भूलना। बताया कि संभाग भर के तीन हजार से अधिक मेधावियों तक यह राशि पहुंचेगी। जिससे लैपटॉप क्रय कर वे भी हाइटेक पढ़ाई कर सकेंगे। उद्योगमंत्री ने मंच से आठ मेधावियों को 25-25 हजार के चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किए। जिनमें सीधी से छात्र सचिन सिंह, शिवानी त्रिपाठी, रीवा से अनामिका सिंह, नंद किशोर साहू, सिंगरौली से लक्ष्मीदेवी शाह, हिमांशु रंजन सिंह, सतना से सुनील विश्वकर्मा, शिवम तिवारी शामिल रहे। इस अवसर पर विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने भी अपने विचार रखे। समारोह में विधायक दिव्यराज सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विभा पटेल, कमिश्नर महेश चंद्र चौधरी, कलेक्टर प्रीति मैथिल नायक,संयुक्त संचालक लोक शिक्षण एसएन तिवारी, डीईओ अंजनी कुमार त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मेधावियों में बेटियां आगे
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि महापौर ममता गुप्ता ने कहा कि खुशी है कि मेधावियों में बेटियों की संख्या बढ़ रही है। घर के आंगन से निकलकर बेटियां भी नए राष्ट्र को गढऩे में योगदान देने को आतुर हैं। कहा कि लैपटॉप सहित बड़े पाठ्यक्रमों की पढ़ाई का खर्च सरकार भरेगी। अब गरीब बच्चे के सामने एक ही चुनौती है कि वह मन लगाकर खूब पढ़ाई करें ताकि निर्धारित योग्यता हासिल कर सकें।
सीधे प्रसारण में छात्रों से बोले मुख्यमंत्री, अच्छा इंसान बनना
जबलपुर में आयोजित समारोह का रीवा में दोपहर 1 बजे सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेधावियों से कहा कि लैपटॉप ज्ञान का भंडार है। दुनिया के किसी भी विद्यार्थी से पीछे नहीं रहोगे। लेकिन इसका सदुपयोग करना। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं का स्वाभाविक विकास होना चाहिए। इसके लिए एक संघ स्थापित करेंगे। समृद्धि प्रदेश के लिए सरकार काम कर रही है इसलिए मेधावियों को आगे बढऩे के अवसर देने के लिए योजनाएं बन रही हैं। उन्होंने अपने जमाने की पढ़ाई का किस्सा भी सुनाया। कहा कि पढ़-लिखकर एक काम जरूर करना। अच्छा इंसान बनना। आज सबसे ज्यादा इसी बात की जरूरत है।
कुर्सी पड़ी कम तो लगाई बाहर स्क्रीन
प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन समारोह में संभाग भर से सौलह सौ मेधावियों को बुलाया गया था जबकि ऑडिटोरियम में बैठने की क्षमता एक हजार है। जिसे देखते हुए ऑडिटोरियम के बाहर हाल में स्क्रीन लगाई गई। यहां पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को बैठाया गया। स्क्रीन के जरिए मेधावी समारोह की गतिविधियों से रूबरू हुए। वहीं ऑडिटोरियम खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में छात्र और शिक्षक खड़े होकर समारोह देखते रहे।
कोई कलेक्टर तो कुछ आइपीएस बनना चाहते हैं…
पहली बार बड़े समारोह में मंच से पुरस्कार पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। दिन-रात की मेहनत कर कुछ बनने का अरमान इनके दिल में है। पत्रिका से बातचीत में जिसे मेधावियों ने साझा किया।
-बारहवीं में 84.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। बहुत अच्छा लगा सम्मान मिला। लैपटॉप खरीदेंगे। पढ़ाई करेंगे और एयरफोर्स अफसर बनेंगे।
सचिन सिंह, सीधी।
-बारहवीं में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। पिता का सपना है कि उनकी बेटी कलेक्टर बने। ये सपना पूरा करने में लैपटाप मदद करेगा।
शिवानी त्रिपाठी, सीधी।
-पापा आर्मी में हैं। वह चाहते हैं कि पुलिस अफसर बनूं। सरकार की यह पुरस्कार राशि मुझे हौसला देगी। यह अच्छी शुरुआत है।
अनामिका सिंह, रीवा।
-इस समारोह में मंच से जो सम्मान मिला है इससे आत्मविश्वास बढ़ा है। बारहवीं में 84.8 प्रतिशत अंक हैं। आगे पढ़कर आइपीएस बनना चाहता हुं। खूब पढ़ाई करूंगा।
नंद किशोर साहू, रीवा।
-बेटी होने के नाते मेरे लिए इतनी छोटी उम्र में बड़े मंच से सम्मानित होना गर्व की बात है। आगे पढ़ाई कर अध्यापन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हूं। लैपटॉप से मदद मिलेगी।
लक्ष्मी देवी शाह, बैढऩ सिंगरौली।
-बारहवीं में 76.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इस समारोह से आत्मविश्वास बढ़ा है। पढ़-लिखकर ही दुनिया में कुछ कर सकते हैं। खुद की कंपनी खड़ी करने की मन में इच्छा है।
हिमांशु रंजन सिंह, बैढऩ सिंगरौली।
-गांव से निकल कर इस मंच तक पढ़ाई के दम पर पहुंचा हुं। यह सिलसिला जारी रखूंगा। मन में एयरफोर्स अफसर बनने की चाहत है।
शिवम त्रिपाठी,धवारी सतना।
-इस तरह के सम्मान समारोह आयोजित होने चाहिए। इससे मेधावियों का हौसला बुलंद होता है। लैपटॉप खरीदने की राशि देकर अच्छा काम किया गया है। इससे प्रगति मिलेगी। बैंक मैनेजर बनने के लिए लैपटॉप पर माहिर हो सकूंगा।
सुनील विश्वकर्मा, सतना।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो