scriptभाजपा के किस कार्य से महिलाएं हुई नाराज कि नगर निगम गंगा जल लेकर पहुंच गईं | controversy of municipal corporation rewa, Bjp4Rewa | Patrika News

भाजपा के किस कार्य से महिलाएं हुई नाराज कि नगर निगम गंगा जल लेकर पहुंच गईं

locationरीवाPublished: Oct 18, 2019 12:21:23 pm

Submitted by:

Mrigendra Singh

निगम में चूडिय़ां तोड़े जाने के विरोध में कई संगठनों का प्रदर्शन, आयुक्त को किया सम्मानित- भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन की निंदा करने संगठनों के लोग पहुंचे निगम कार्यालय

rewa

controversy of municipal corporation rewa, Bjp4Rewa


रीवा। नगर निगम इनदिनों राजनीतिक अखाड़े के रूप में तब्दील होता जा रहा है। यहां पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में कई संगठन सामने आ गए हैं। सुदर्शन समाज के महिलाओं ने आयुक्त को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। अलग-अलग समय पर कई संगठनों के लोग पहुंचे और निगम से मिलकर उनके कार्यों को सही ठहराया और कहा कि शहर के लोग उनके साथ हैं।
सुबह सबसे पहले निगम के सभी जोन के कर्मचारी टाउन हाल में जुटे और आयुक्त के पास पहुंचे। सभी ने आयुक्त के चेंबर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चूडिय़ां फेंके जाने की घटना का विरोध करते हुए कार्य से अलग होने की अनुमति मांगी।
इस पर आयुक्त ने कहा यह सामान्य घटना है, सभी अपना कार्य पूरी ऊर्जा के साथ करते रहें। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य शहर और निगम के हित में काम करने का है और इसके विकास पर जोर देना है। धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार सबको है। कई बार जब लोगों के पास विरोध के लिए शब्द और मुद्दे नहीं होते तो इस तरह के प्रयास किए जाते हैं। ऐसी घटनाओं पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। हमारा कार्य पहले की तरह ही चलता रहेगा, जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जवाबदेही है।
इस दौरान निगम के संपत्ति अधिकारी अरुण मिश्रा, सहायक आयुक्त निधी राजपूत, अशोक सिंह, रावेन्द्र सिंह, राजेश सिंह, हेमंत त्रिपाठी, बीएस बुंदेला, अच्छेलाल पटेल, नरेन्द्र सिंह, रंजीत सिंह, प्रकाश सिगोते सहित अन्य भी मौजूद रहे।

इन संगठनों ने जताया विरोध
निगम कार्यालय पहुंचकर आयुक्त चेंबर में चूडिय़ां तोड़े जाने के विरोध में नगर निगम कर्मचारियों के अलावा सफाई कर्मचारी, सुदर्शन समाज, पर्यावरण वाहिनी, एनएसयूआई, महाशक्ति महिला समूह, जय हनुमान संगठन, नई किरण, सिद्धि-संकल्प, वैष्णवी, नव-निर्माण, प्रगति, लक्ष्य आदि महिलाओं के संगठनों ने अपने समर्थन का ज्ञापन सौंपा है। वहीं क्षत्रिय समाज की महिलाओं ने भी भाजपा के प्रदर्शन के तरीके को गलत बताया है। जिनमें कहा गया है कि भाजपा नेत्रियों यह बताएं कि महिला अपनी चूड़ी कब तोड़ती है। इससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंची है।

भाजपा महिला मोर्चा नेत्रियों पर दर्ज हो अपराध
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा नगर निगम आयुक्त के चेंबर में घुसकर चूडिय़ां फेंकने और अपशब्द कहे जाने के मामले में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर एफआइआर दर्ज कराने की मांग की है। महासभा के प्रदेश सचिव रामकुशल यादव ने कहा कि नगर निगम में हुए भ्रष्टाचार पर आयुक्त कार्रवाई कर रहे हैं, जिसकी वजह से भाजपा के भीतर बौखलाहट है। इसके पहले सांसद जनार्दन मिश्रा दफनाने की बात कर चुके हैं। इसलिए इन नेताओं पर एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधि मंडल में राकेश यादव, अशोक यादव, केपी यादव, रामाश्रय यादव, मिथिलेश यादव, दिलीप यादव, भारतभूषण भूर्तिया, रमेश यादव, अर्जुन यादव सहित कई अन्य मौजूद रहे।

गंगाजल लेकर निगम कार्यालय पहुंची महिलाएं
नगर निगम में पूरे दिन अलग-अलग संगठनों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बीच क्षत्राणी महिला संगठन की कार्यकर्ताएं गंगाजल लेकर पहुंची। अपने साथ ये महिलाएं पुरोहित भी लेकर पहुंची थी, जिन्होंने मत्रोचार कर निगम कार्यालय को शुद्ध करने की औपचारिकता पूरी की। इसी बीच आयुक्त को भी गंगा जल दिया गया। इन महिलाओं ने कहा कि जिस तरह से भाजपा महिला मोर्चा द्वारा महिलाओं के सम्मान से जुड़ी चूड़ी और साड़ी का अपमान किया गया है, वह निंदनीय है। इसलिए निगम कार्यालय में गंगाजल से शुद्धीकरण किया गया और भाजपा नेत्रियों के सद्बुद्धि की कामना की गई।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो