चुनावी चर्चा : नए चेहरों को भी एक बार अजमाया जाए, कुछ तो नया करेंगे ही
- शहर के लोगों ने कहा हमारा महापौर और पार्षद ऐसा हो जो पूरी दमदारी से अपनी बात रखे
रीवा
Updated: June 18, 2022 03:56:58 pm
रीवा। शहर के हर हिस्से में इनदिनों चुनावी चर्चा ही सुनाई देती है। चाहे वह आफिस के कामकाज हों, चौक-चौराहों में चाय-पान की दुकानें हों या फिर पार्क और अन्य सार्वजनिक जगह, हर जगह यही चर्चा है कि इस बार महापौर के चुनाव में क्या होगा। सुबह के करीब साढ़े छह बज रहे थे, कालेज चौराहे से राजनिवास की ओर जाने वाले मार्ग में विवेकानंद पार्क के बगल में स्थित पार्क में लोग व्यायाम कर रहे थे। इस बीच वह अपने-अपने वार्डों से मैदान में उतरे प्रत्याशियों के बारे में चर्चा कर रहे थे। इस ग्रुप में अधिकांश लोग व्यवसाय से जुड़े थे। उनका कहना था कि नगर निगम के कुछ कार्य ऐसे हैं जिनकी वजह से व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। इसकी शिकायतें पहले कई बार की गई लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। संदीप गुप्ता ने कहा कि शहर में सड़कों की साफ-सफाई तो ठीक तरीके से हो रही है लेकिन नालों की सफाई पर ध्यान नहीं है। इससे बरसात में जलभराव की समस्या होगी। उन्होंने कहा कि वह तो इस बार ऐसा महापौर चाहते हैं जो नगर निगम की व्यवस्थाओं से वाकिफ हो। शहर के हर हिस्से की जानकारी हो ताकि वह समस्याओं का समाधान ठीक तरीके से कर सके। राजेश गुप्ता और मनीष गुप्ता ने कहा कि वह इस बात से हैरान हैं कि कभी भी नगर निगम टैक्स बढ़ा देता है, ऐसा महापौर नहीं हो जो इन समस्याओं की अनदेखी करे। पानी और प्रापर्टी का टैक्स मनमानी रूप से बढ़ाया गया है। आनंद सोनी, रत्नेश सोनी, राजेन्द्र ताम्रकार, अवनीश ताम्रकार आदि ने कहा कि स्थानीय निकाय का चुनाव है इसलिए देश और प्रदेश के मुद्दे अधिक प्रभावी नहीं होने चाहिए। प्रत्याशियों को देखकर भी वोट करने की जरूरत है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि इस बार नया चेहरा लाया जाए। पढ़े-लिखे नेता का चयन होना चाहिए जो लोगों की समस्याओं को समझे साथ ही शहर को विकसित करने के लिए उसका बेहतर विजन होना चाहिए। लोगों ने यह भी कहा कि अभी माहौल देखा जाए इसके बाद फिर सोचा जाएगा कि किस तरह का नेता चुना जाए।
---

election talk nagar nigam rewa
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
