scriptपहले कंप्यूटर डिग्री का दिखाया सपना, फिर छात्रों को गुमराह कर वसूले रुपए | First showed the dream of computer degree, then misguided students | Patrika News

पहले कंप्यूटर डिग्री का दिखाया सपना, फिर छात्रों को गुमराह कर वसूले रुपए

locationरीवाPublished: Oct 12, 2019 01:58:12 am

Submitted by:

Bajrangi rathore

पहले कंप्यूटर डिग्री का दिखाया सपना, फिर छात्रों को गुमराह कर वसूले रुपए

E-challan news

E-challan news

रीवा। मप्र के रीवा जिले में शिक्षा के नाम पर गोरखधंधा कर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मनगवां में एमके कंप्यूटर नाम की संस्था इलाहाबाद मोड़ मध्यांचल बैंक के पास में संचालित है। जिसके द्वारा कंप्यूटर की डिग्री के नाम पर छात्रों को गुमराह कर पैसे वसूले जाने की शिकायत मिली है।
छात्रों ने इसकी शिकायत थाने में दी है। छात्रों को आरोप है कि उक्त संस्था द्वारा कंप्यूटर की डिग्री का सपना दिखाकर टोकन बांटा गया। छात्र और अभिभावकों को यह प्रलोभन दिया कि 50 रुपए शुल्क देने के बाद छात्र को परीक्षा में बैठाया जाएगा। परीक्षा में कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे और 100 नंबर का पूर्णांक होगा। अगर छात्र 90 नंबर लाता है तो उसे संस्था द्वारा एक टैब्लेट और कंप्यूटर की टैली का कोर्स मुफ्त में कराया जाएगा।
क्षेत्र के करीब 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने शुल्क अदा कर परीक्षा में भाग लिया। लेकिन जब परिणाम आया तो किसी भी छात्र का 90 अंक नहीं आया। इस पर कुछ छात्रों ने दावा किया कि उनके 90 अंक से अधिक हैं उनकी कॉपी दिखाई जाए।
इस पर संस्था के स्टाफ द्वारा कहा जा रहा है कि 200 रुपए शुल्क अदा करने पर 15 दिवस के अंदर कापी दिखाई जाएगी। इस पर छात्र आक्रोशित हैं और थाने में जाकर संस्था के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की है।
संबद्धता की कोई जानकारी नहीं

हद तो तब हो गई जब संस्था में जाकर यह जानकारी चाही गई की इंस्टिट्यूट की संबद्धता किस विश्वविद्यालय से हैं तो कोई भी यह जानकारी बताने को अभिभावकों को तैयार नहीं हुआ। अभिभावकों ने बताया कि संस्था का कोई ट्रेनिंग सेंटर नहीं हैं और न ही प्रदेश के किसी विश्वविद्यालय से संबद्धता है।
हम परीक्षा में पास हैं हमें जो 86 अंक मिले हैं उससे संतुष्ट नहीं हैं हमें कॉपी दिखाई जाए। संस्था द्वारा यह कहा जा रहा कि 200 शुल्क अदा करो और 15 दिवस इंतजार करो तब आप की कॉपी दिखाई जाएगी।
संकल्प साहू, छात्र
घर जाकर यह प्रलोभन दिया गया कि आपको टेबलेट और मुफ्त में टैली का कोर्स कराएंगे। बताया जा रहा, कंप्यूटर के बारे में बेसिक जानकारी दी जाएगी।
साधना पटेल, छात्रा

हमें गुमराह करके पैसे लिए गए संस्था का ना तो लैब है और ना ही बैठने की समुचित व्यवस्था। जो अंक हमारे आए हैं उससे संतुष्ट नहीं हैं। संजीव पिंजे, छात्र
मामले की पूरी जांच कराएंगे

मामला संज्ञान में आया है। एमके कंप्यूटर नाम के किसी भी संस्था की जानकारी हमारे यहां नहीं है। अगर संस्था प्रलोभन देकर कंप्यूटर के कोर्स की बात कर रही है तो संस्था पूरी तरीके से फर्जी है। हम इसकी जांच कराएंगे और दोषी पाए जाने पर एफ आइआर भी दर्ज कराएंगे।
पंकज श्रीवास्तव, अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा रीवा
मामले की शिकायत छात्रों ने की है

हां! इस मामले की शिकायत छात्रों द्वारा की गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उचित कार्रवाई की जाएगी।
सतीश मिश्रा, थाना प्रभारी मनगवां

ट्रेंडिंग वीडियो