scriptआधे घंटे की बारिश में ही सड़कों पर भरा पानी, निकासी के इंतजाम ठीक नहीं | flood in rewa 2022, nehru nagar | Patrika News

आधे घंटे की बारिश में ही सड़कों पर भरा पानी, निकासी के इंतजाम ठीक नहीं

locationरीवाPublished: Jul 04, 2022 09:09:18 am

Submitted by:

Mrigendra Singh

– नेहरू नगर सहित कई अन्य मोहल्लों में प्रभावित हुए लोग

rewa

flood in rewa 2022, nehru nagar

रीवा। शहर में करीब आधे घंटे तक दोपहर में तेज बारिश हुई, जिसकी वजह से पानी भी जमा हो गया। नालियां ठीक से साफ नहीं होने की वजह से पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पाई और सड़कों पर नालियों का मलबा बहता रहा। बारिश भी अधिक तेज नहीं थी, इसके बावजूद मोहल्लों में लोगों को परेशानी हुई।
शहर के नेहरू नगर के मोहल्ले में कई कालोनियों में लोग परेशान हुए। यहां पर दुर्गा पार्क के क्षेत्र में भी सड़क पर पानी बहता रहा। नगर निगम के अधिकारियों की मनमानी के चलते इस क्षेत्र में जलभराव हुआ है। बताया गया है कि शिव नगर और दूसरे मोहल्लों का पानी भी इस बार दुर्गा पार्क के एरिया से निकाला जा रहा है, जिसकी वजह से परेशानी हुई है।
स्थानीय पार्षद एवं मोहल्ले के लोग इसका विरोध लगातार करते रहे कि जलभराव की समस्या से बचाव के लिए बीच कालोनी से बाहर का पानी नहीं निकाला जाए, इसके बावजूद निगम के अधिकारियों ने अपनी मनमानी की। इसके अलावा अन्य कई क्षेत्रों में भी कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ। हालांकि बारिश अधिक नहीं होने की वजह से समस्या नहीं हुई।
ज्योती स्कूल के पीछे की कालोनी में भी सड़क पर काफी देर तक पानी भरा रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर निगम का अमला भी मौके पर पहुंचा। हालांकि देर से पहुंचने की वजह से पानी निकल चुका था। इसके अलावा रतहरा एवं अन्य कई क्षेत्रों में भी पानी जमा होने की सूचनाएं लोगों ने दी है।
—-

नालियां ठीक से साफ नहीं
नगर निगम आयुक्त के लगातार निर्देश के बावजूद वार्डों का सफाई अमला ठीक तरह से सफाई नहीं करा पाया है। इसी कारण अमहिया, झिरिया सहित अन्य कई हिस्सों में भी पानी जमा हुआ है। इसके अलावा दूसरे कई मोहल्लों से भी सूचनाएं आई हैं कि पानी के बहाव में नालियों का मलबा सड़क पर ही बहता रहा।
—————–

नाली का मलबा घरों के भीतर और सड़क पर
बारिश के चलते शहर के वार्ड क्रमांक ३७ में लोगों को भारी समस्या हुई है। यहां पर भी नालियां साफ नहीं होने की वजह से नालियों में जमा मलबा सड़क पर पहले आया फिर लोगों के घरों के भीतर तक जा पहुंचा। शहर का यह पुराना हिस्सा है, जहां पर संकरी गलियां और नालियां लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस वार्ड में पहले से ही समस्याएं बनी हुई हैं। स्ट्रीट लाइट भी हर जगह नहीं चलती। इनदिनों बरसात का मौसम होने की वजह से लोगों को जहरीले कीड़ों का भी डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कई बार शिकायतें लेकर गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
————–
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो