script

खरीदी केन्द्र से लेकर गोदाम तक अफरातफरी, चार लाख क्विंटल धान का नहीं हो सका उठाव

locationरीवाPublished: Jan 07, 2019 02:39:06 pm

Submitted by:

Rajesh Patel

जिले में धान खरीदी का लक्ष्य बीस लाख क्विंटल, तौल महज 7 लाख क्विंटल

Fraud from the shopping center to the warehouse

Fraud from the shopping center to the warehouse

रीवा. जिले में बीस लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। अब तक महज 7 लाख क्विंटल ही धान की तौल हो सकी है। शासन ने 15 जनवरी तक डेडलाइन तय की है। विभागीय अधिकारियों को महज कुछ दिन के भीतर लक्ष्य पूरा करने के लिए 13 लाख क्विंटल धान की तौल करनी होगी। उधर, केन्द्रों पर अव्यवस्था के चलते लक्ष्य का साठ फीसदी भी खरीदी नहीं हो सकी है।
कुछ दिन ही शेष, २० हजार किसानों की तौल बकाया
जिले में बीस लाख क्विंटल धान की खरीदी का संभावित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक करीब चालीस फीसदी धान की तौल पूरी हो चुकी है। जबकि खरीदी के लिए महज कुछ और बचे हैं। लक्ष्य पूरा करने में विभागीय अधिकारियों का पसीना छूट रहा है। अभी भी बीस हजार किसान है जिनके धान की तौल शेष है।
केन्द्रों पर उपज की तौल के लिए लगाई एड़ीचोटी
केन्द्रों पर किसान अपनी उपज की तौल के लिए एड़ीचोटी एक कर दिया है। इसके बावजूद तौल नहीं हो रही है। उपज बेचने के लिए कई दिन से किसान कड़ाके की ठंड में ठिठुर रहा है। केन्द्रों पर उपज बेचने के लिए किसान कई दिनों से कतार में खड़े हैं। समिति केन्द्रों के कर्मचारियों ने बताया कि इस साल खरीदी करीब बीस दिन देर से चालू हुई। अधिकारियों का तर्क कि किसानों की उपज देर से तैयार हुई। २५ दिसंबर के बाद केन्द्रों पर धान की आवज तेज हुई। खरीदी की तिथि बढऩे की संभावना है। जिला प्रशासन ने जिले के खरीदी केन्द्रों पर धान की आवक सहित शेष किसानों की जानकारी मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद तय हो पाएगा कि खरीदी तिथि बढ़ेगी या नहीं।
केन्द्र से लेकर गोदाम तक मारमारी
जिले में खरीदी केन्द्रों पर चार लाख क्विंटल से अधिक धान डंप हो जाने के चलते ज्यादातर खरीदी केन्द्रों पर तौल प्रभावित हो गई है। जिला प्रशासन की चेतावनी के बाद परिवहन में तेजी आयी, लेकिन, विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हैं। जिला नियंत्रक आरएस ठाकुर शनिवार को तराई अंचल में केन्द्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। मांगी केन्द्र पर धान डंप पड़ी है। इसी तरह रायपुर सोनौरी, ढखरा, पडऱी सहित अन्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज्यादा केन्द्रों पर धान डंप है। जिससे तौल की गति धीमी पड़ गई है।
वेयर हाउस के गोदाम में अनलोड नहीं हो रहे ट्रक
जिले में धान जमा करने के लिए वेयर हाउस ने सभी गोदाम के ताले खोल दिया है। परिवहनकर्ताओं ने नान कार्यालय को सूचना दी है कि वेयर हाउस के नौबस्ता, मनगवां सहित कई अन्य केन्द्रों पर ट्रक समय से अनलोड नहीं किए जा रहे हैं। जिससे केन्द्रों से धान के उठाव की गति धीमी है। शनिवार को मामला सतना में आयोजित वेयर हाउस के महाप्रबंधक के सामने भी उठाया गया। जिले में गोविंदगढ़, हनुमना, उमरी, भडऱा, मंडी परिसर आदि जगहों पर गोदाम में धान जमा की जा रही है।
वर्जन…
गोदाम में समय से ट्रक अनलोड किए जा रहे हैं। हां ये बात जरूर है कि नौबस्ता में शिकायत मिली थी, वह भी समस्या हाल हो गई है। किसी भी गोदाम में ट्रक कतार में नहीं लगे हैं।
सीएम मिश्रा, जिला प्रबंधक, वेयर हाउस गोदाम

वर्जन…
केन्द्र पर धान डंप की समस्या है, परिवहकर्ताओं ने वाहन बढ़ा लिया है। कुछ केन्दों को छोड़ ज्यादार केन्द्रों पर खरीदी चल रही है। शनिवार को त्योंथर के कई केन्द्रों की जांच की गई। इस दौरान किसानों ने भुगतान की शिकायत मिली है। भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही भुगतान हो जाएगा।
आरएस ठाकुर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक

ट्रेंडिंग वीडियो