script

गैंगवार : खुलेआम हथियार लहरा रहे थे आरोपी, घरों में दुबके लोग, वारदात में एक की मौत तीन गंभीर

locationरीवाPublished: May 25, 2018 11:43:05 pm

Submitted by:

Shivshankar pandey

रुपए के लेनदेन पर भिड़े दो गुट, रायपुर कर्चुलियान थाने के कोष्ठा में घटना से तनाव, गोमटी को किया आग के हवाले, घटनास्थल से पिस्टल सहित डंडा बरामद

Gangwar:

Gangwar:

रीवा. पैसों के लेनदेन की मामूली बात पर दो गुटों में शुक्रवार सुबह जमकर हथियार चले। गैंगवार में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हिंसक झड़प से पूरे गांव में तनाव का वातावरण बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना रायपुर कर्चुलियान थाने के कोष्ठा मोड़ की है।बताया गया कि पुरैना थाना रायपुर कर्चुलियान का विनीत तिवारी शुक्रवार सुबह बोलेरो जीप से ड्राइवर रामकृपाल यादव उर्फचुनकाला के साथ हाइवे की ओर आ रहा था। जैसे ही वह पुरैना मोड़ के समीप पहुंचा तभी दो बाइकों में सवार राहुल मिश्रा निवासी भलुहा, आशीष शुक्ला निवासी कोरांव सहित अन्य लोग आ गए जिनके बीच विवाद शुरूहो गया। घातक हथियारों से लैश युवकों ने बोलेरो में सवार विनीत तिवारी पर हमला कर दिया। बीचबचाव में आए ड्राइवर रामकृपाल यादव के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ वहीं गिर पड़ा।
मच गई अफरा-तफरी
अचानक हुई से घटना से अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इस दौरान वारदात को अंजाम देकर भाग रहे राहुल मिश्रा की बाइक को विनीत तिवारी ने बोलेरो से टक्कर मार दी जिससे वह और उसका साथी आशीष दुबे घायल हो गए। करीब आधे घंटे तक हाइवे पर आतंक माहौल निर्मित रहा। आरोपी खुलेआम हथियार लहरा रहे थे जिससे लोग घरों में दुबक गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से घायल चार लोगों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया जहां रामकृपाल यादव की मौत हो गई।

पुलिस बल अस्पताल पहुंचा
घटना के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए अस्पताल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीएसपी शिवेन्द्र सिंह बघेल, टीआइ सिविल लाइन अरुण सोनी सहित भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान लिए गए। वहीं मृत युवक के परिजनों को घटना की सूचना दी।दोपहर मृतक के परिजन भी रोते बिलखते अस्पताल पहुंच गए।

झोपड़ी में लगाई आग
पुरैना मोड़ में स्थित एक झोपड़ी को भी आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया। उक्त झोपड़ी गुड्डू शुक्ला की थी जो दुकान संचालित करता था। विवाद के दौरान आरोपियों ने झोपड़ी में आग लगा दी जिससे दुकान सहित उसमें रखा सामान जल गय, हालांकि आग किसने लगाई यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटनास्थल पर पड़ी मिली पिस्टल व डंडे
घटना के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां का दृश्य घटना की भयावहता को बता रहा था। सड़क पर एक पिस्टल लावारिस हालत में पड़ी मिली।इसके अलावा डंडे भी मिले जिससे आरोपियों ने एक दूसरे पर हमला किया था। हालांकि चालक की हत्या मेें प्रयुक्त धारदार हथियार अभी बरामद नहीं हो पाया है।

दुकानें बंद कर भागे लोग, घरों में दुबके
घटनास्थल पर खुलेआम युवकों के बीच चल रहे हथियारों से स्थानीय लोग खौफ में रहे। आसपास स्थित दुकानों के संचालक शटर गिराकर भाग खड़े हुए। आसपास स्थित घरों के लोग भी दरवाजा बंद कर अंदर दुबक गए। गुमटी मेंं आग लगाने के बाद स्थानीय लोग सहमे हुए थे। करीब एक घंटे तक लोग खौफ में रहे। जब पुलिस मौके पर पहुंच गई तब लोग किसी तरह बाहर निकले।

दोनों पक्षों पर दर्ज है प्रकरण
इस गैंगवार का शिकार दोनों पक्षों पर गंभीर मामले विचाराधीन हैं। राहुल मिश्रा पर हत्या, मारपीट व धमकाने के मामले के मामले दर्ज हैं जिसमें कई बार पुलिस उसे पकड़ चुकी है। वहीं विनीत तिवारी के ऊपर भी कई मामले दर्ज हैं और अक्सर वह पुरैना मोड़ में आतंक फैलाता है।दोनों पक्षों पर गंभीर मामले दर्ज थे और थाने में उनका काफी रिकार्ड है।

काऊंटर मामले दर्ज
मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर काऊंटर केस दर्ज किया है।एक पक्ष पर पुलिस ने हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्जकिया है।वहीं दूसरे पक्ष पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।प्रारंभिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हंै उनको नामजद कर लिया गया है।
Gangwar
Ranjeev Gupta IMAGE CREDIT: patrika
पांच हजार रुपए का था विवाद
उक्त युवकों के बीच पांच हजार रुपए को लेकर विवाद चल रहा था। राहुल मिश्रा को विनीत तिवारी को उधारी के पांच हजार रुपए देने थे।गुरुवार रात युवक ने उसे रुपए मांगने के लिए फोन लगाया था जिस पर उसने शुक्रवार को रुपए देने की बात कही थी। इस बात पर उनके बीच गाली-गलौज हो गई। गुरुवार रात वह विनीत तिवारी की तलाश में पुरैना आया था लेकिन गांव में नहीं मिला। शुक्रवार सुबह भी दोनों पक्ष आमने सामने आ गए जिसने इतनी बड़ी घटना का रूप धर लिया।

ट्रेंडिंग वीडियो