शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली 6 वर्षीय बच्ची रविवार की दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। घटना के समय उसकी मां अंदर काम कर रही थी। उसी समय 14 वर्षीय बच्चा उसके पास आया और उसे बहला फुसलाकर अपने साथ घर ले गया। इस दौरान उसने बच्ची के साथ बलात्कार किया। करीब घंटेभर बाद उसे छोड़ दिया जिस पर बच्ची अपने घर आई। अपने साथ हुई घटना से अनभिज्ञ बच्ची ने परिजनों को भी कुछ नहीं बताया। रात करीब 11 बजे बच्ची को अचानक तेज दर्द हुआ। मां ने जब उससे दर्द का कारण पूंछा तो बच्ची ने पूरी घटना बता दी।
उसे सुनते ही घर वालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने सपने में भी कल्पना नहीं की थी कि इतनी छोटी सी बच्ची के साथ कोई यह घिनौना काम कर सकता है। देररात परिजन पीडि़त बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर नाबालिग को उसके घर से हिरासत में ले लिया। जिस समय यह घटना हुई थी उस समय नाबालिग के घर में भी कोई नहीं था। पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इतनी कम उम्र में इस खौफनाक घटना का शिकार होने वाली बच्ची की हालत खराब है। इस घटना से उसको काफी चोटें आई है जिस पर पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल भिजवा दिया। उसका चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है। हालांकि उसकी हालत सुधार है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सुधरने में अभी थोड़ा समय लग सकता है।
बच्ची के साथ एक नाबालिग के द्वारा बलात्कार की शिकायत आई थी। रात में परिजन उसे लेकर थाने आए थे जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची को उपचार की आवश्यकता थी जिस पर उसे अस्पताल भिजवा दिया गया है।
आबिद खान, एसपी रीवा