scriptआधे घंटे का भाषण, 16 मिनट कांग्रेस को कोसा, डेढ़ मिनट में खत्म हुई जिले में विकास की गाथा | MP Election 2018: BJP National President Amit Shah in Singrauli | Patrika News

आधे घंटे का भाषण, 16 मिनट कांग्रेस को कोसा, डेढ़ मिनट में खत्म हुई जिले में विकास की गाथा

locationरीवाPublished: Nov 18, 2018 11:40:52 pm

Submitted by:

Ajeet shukla

प्रत्याशियों के लिए मांगा वोट…

MP Election 2018: BJP National President Amit Shah in Singrauli

MP Election 2018: BJP National President Amit Shah in Singrauli

सिंगरौली. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को यहां चुनावी सभा में कांग्रेस और उनके नेताओं को जाम कर कोसा। तीनों विधानसभा के प्रत्याशियों को जीतने के लिए मतदाताओं से अपील करने पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित जनता को आधे घंटे तक संबोधित किया।
बैढऩ के रामलीला मैदान में आयोजित सभा में उन्होंने अपने आधे घंटे के संबोधन में १६ मिनट से अधिक वक्त तक कांग्रेस पार्टी के साथ राहुल गांधी, दिग्विजय व कमलनाथ को जमकर कोसा। खासतौर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी उनके निशाने पर रहे। यह बात और है कि यहां जिले में भाजपा की ओर से किए गए कार्यों की गाथा केवल डेढ़ मिनट में ही खत्म हो गई।
भाषण का बाकी समय जनता को प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का संकल्प दिलाने और मोदी व केंद्र सरकार के बखान में ही बीत गया। प्रदेश स्तर पर शिवराज सरकार की ओर से किए गए कार्यों का भी उन्होंने जमकर बखान किया। यह बात और रही कि जिले में हुए कार्यों की गाथा सीमित रही।

मंच पर बिताए एक घंटे
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभा में मंच पर करीब एक घंटा बिताया। करीब पौने एक बजे मंच पर पहुंचे और पौने दो बजे रवाना हो गए। उनका भाषण ठीक एक बजकर 10 मिनट पर शुरू हुआ और एक बजकर 40 मिनट में खत्म हो गया। शुरुआत भारत माता जय के नारे से की। उनके संबोधन से पहले प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने शिवराज सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

पूरे समय पास खड़े रहे प्रत्याशी
संबोधन के दौरान पूरे समय तक जिले के तीनों विधानसभा के प्रत्याशी रामलल्लू वैश्य, सुभाष चंद्र वर्मा व अमर सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष के पास ही खड़े रहे। जिलाध्यक्ष कांतदेव सिंह ने संचालन की कमान खुद संभाली। मंच पर सीधी सांसद रीति पाठक के अलावा गिरेश द्विवेदी, रामनिवास शाह, राम सुमिरन गुप्ता, वीरेंद्र गोयल, राधा सिंह, डॉ. रविंद्र सिंह, रमापति जायसवाल, सुरेंद्र सिंह व भारतेंदु पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिंगरौली के लिए गिनाए ये प्रमुख कार्य
– सिंगरौली को एक अलग जिला बनाया
– विकास के लिए उद्योग की स्थापना कराया
– किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा बढ़ाई
– 24 घंटे जिले को बिजली उपलब्ध कराया
– जिले को रेलवे लाइन से जोडऩे का कार्य किया
भाषण की शुरुआत से लेकर कितने मिनट क्या बोले
1.49 मिनट – उपस्थित जनता में जोश भरा, भारत माता जय के नारे लगवाएं।
1.25 मिनट – भाजपा पदाधिकारियों के साथ जिले के तीनों विधानसभा प्रत्याशियों का नाम लेकर पास बुलाते हुए परिचय कराया।
1.52 मिनट तक अब की बार 200 के पास का नारा देते हुए जनता को पार्टी के लक्ष्य से अवगत कराया।
1.48 मिनट तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के कार्य का बखान किया और बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पूरा हिसाब-किताब लेकर आए हैं।
2.40 मिनट तक राहुल बाबा का संबोधन देते हुए कहा कि वह मप्र में सरकार बनाने की बात कर रहे हैं। कुर्सी पाने का सपना देख रहे हैं। इतिहास पलट कर देखने को कहा। बोले पिछले रिकॉर्ड देखे तो सपना देखना भी भूल जाएंगे।
1.28 मिनट तक बताया कि पिछले चुनावों कहां-कहां कांग्रेस गई और भाजपा आई।
1.20 मिनट तक उपस्थित जनता से कांग्रेस को उखाड़ फेकने के लिए अपील किया।
5.45 मिनट तक राहुल गांधी के अलावा दिग्विजय व कमलनाथ को कोसते हुए कांग्रेस से भाजपा के कार्यों की तुलना की और कई कार्यों में अंतर बताया।
3.00 मिनट तक सिंगरौली में भाजपा की ओर से किए गए कार्यों को बताया और कांग्रेस को कोसा।
1.45 मिनट तक प्रदेश स्तर पर किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए भाजपा के कार्यों का बखान किया।
2.30 मिनट तक कांग्रेस के समय सीमा में घुसपैठ और भाजपा की सरकार में सर्जिकल स्ट्राइक पर बोले।
2.25 मिनट तक कांग्रेस की ओर से किए गए झूठे वादों पर बोले।
1.25 मिनट तक कांग्रेस में नेता व नेतृत्व पर बोला, कहा भाजपा में बतौर सीएम शिवराज का नाम तय है, कांग्रेस में पता नहीं।
3.00 मिनट तक जनता से भाजपा को वोट करने और इसके लिए नाते-रिश्तेदारों को प्रेरित करने का हाथ उठवाकर संकल्प दिलाया।
0.09 मिनट में भाजपा पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो